India Talk with China: पाकिस्तान के एयरस्पेस पर लंबे समय से लगी पाबंदी के बीच भारत अब वैकल्पिक हवाई मार्ग तलाश रहा है। नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू ने मंगलवार को बताया कि चीन के शिनजियांग स्थित होतान से होकर नया एयर रूट शुरू करने को लेकर दोनों देशों के बीच बातचीत जारी है। विदेश मंत्रालय भी इस मुद्दे पर चीन के साथ चर्चा कर रहा है।
लेह से चीन के एयरस्पेस में प्रवेश
प्रस्तावित रूट के तहत दिल्ली और मुंबई से जाने वाली उड़ानें पहले लेह पहुंचेंगी। इसके बाद विमान चीनी एयरस्पेस में प्रवेश कर किर्गिस्तान के रास्ते यूरोप, ब्रिटेन और उत्तरी अमेरिका के मौजूदा हवाई मार्गों से जुड़ सकेंगे। हालांकि, इस रूट को कब तक शुरू किया जाएगा, इसकी कोई समयसीमा अभी तय नहीं की गई है।
मंत्री ने क्या कहा?
राम मोहन नायडू ने कहा, “दोनों देशों के बीच चीन में होटन रूट पर बातचीत चल रही है। विदेश मंत्रालय इस मामले पर चीन के साथ बातचीत कर रहा है। देखते हैं क्या होता है, लेकिन हम दूसरे विकल्पों की कोशिश कर रहे हैं।”
पाकिस्तान का एयरस्पेस 17 महीने से बंद
पाकिस्तान ने 24 अप्रैल 2025 को भारतीय विमानों और भारतीय स्वामित्व वाले विमानों के लिए अपना एयरस्पेस बंद कर दिया था। इसके बाद से भारतीय एयरलाइंस के विमानों को पाकिस्तानी हवाई क्षेत्र से गुजरने की अनुमति नहीं है। इससे दिल्ली, अमृतसर, जयपुर और अहमदाबाद जैसे शहरों से यूरोप, मध्य एशिया, पश्चिम एशिया और उत्तरी अमेरिका जाने वाली उड़ानों को लंबा रास्ता अपनाना पड़ रहा है।
उड़ानों का समय और खर्च बढ़ा
पाकिस्तानी एयरस्पेस बंद होने के कारण भारतीय विमानों को अरब सागर और मस्कट के रास्ते लंबा चक्कर लगाना पड़ रहा है। इससे उड़ान का समय करीब 45 मिनट से लेकर 2 घंटे तक बढ़ गया है। लंबे रूट की वजह से ईंधन की खपत और एयरलाइंस की परिचालन लागत भी बढ़ी है।
रोज 100-150 भारतीय विमान गुजरते थे
पाकिस्तान का एयरस्पेस बंद होने से पहले करीब 100-150 भारतीय विमान रोजाना वहां से गुजरते थे। इसके मुकाबले भारतीय एयरस्पेस से पाकिस्तान की सरकारी एयरलाइन PIA की करीब 6 उड़ानें हर हफ्ते गुजरती थीं, यानी औसतन रोजाना एक से भी कम उड़ान।
एयर इंडिया पर बड़ा आर्थिक असर
लंबे रूट के कारण एयर इंडिया की पश्चिमी देशों के लिए संचालित होने वाली लंबी दूरी की उड़ानों पर खर्च बढ़ा है। एयर इंडिया के पूर्व सीईओ कैंपबेल विल्सन ने 2025 में अनुमान लगाया था कि पाकिस्तानी एयरस्पेस बंद होने से एयरलाइन को करीब 4,000 करोड़ रुपए का नुकसान हुआ।
2019 में भी बंद हुआ था एयरस्पेस
पाकिस्तान ने 26 फरवरी 2019 को बालाकोट एयरस्ट्राइक के बाद अपना एयरस्पेस पूरी तरह बंद कर दिया था। करीब पांच महीने बाद 16 जुलाई 2019 को भारतीय विमानों के लिए एयरस्पेस दोबारा खोला गया। उस दौरान भारतीय एयरलाइंस को भी लंबे वैकल्पिक रूट से उड़ान भरनी पड़ी थी। एयर इंडिया को करीब ₹491 करोड़ का नुकसान हुआ था, जबकि सभी भारतीय एयरलाइंस का कुल नुकसान ₹550 करोड़ से ज्यादा बताया गया था।
पहलगाम हमले के बाद बढ़ा तनाव
22 अप्रैल 2025 को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में आतंकवादी हमला हुआ था, जिसमें 26 लोगों की मौत हुई। भारत ने हमले के लिए पाकिस्तान में आधारित आतंकवादी नेटवर्क को जिम्मेदार ठहराया। इसके बाद भारत ने ऑपरेशन सिंदूर चलाया और जवाबी कदम के तौर पर पाकिस्तान ने भारतीय एयरलाइंस और भारतीय स्वामित्व वाले विमानों के लिए अपना हवाई क्षेत्र बंद कर दिया।
चीन से बातचीत के बीच नया ऑप्शन
यह पहल ऐसे समय में हो रही है जब चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग नई दिल्ली में ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में शामिल होकर लौटे हैं। भारत अब पाकिस्तान के एयरस्पेस पर निर्भरता कम करने के लिए चीन के रास्ते नए विकल्प पर काम कर रहा है। होतान रूट की शुरुआत से पश्चिमी देशों के लिए भारतीय उड़ानों के समय और परिचालन लागत को कम करने की संभावना पर बातचीत हो रही है।
Read More:
Asian Games 2026: चिकिता-साहिल ने शूट ऑफ में जीता गोल्ड, LA28 ओलंपिक का कोटा भी किया हासिल

