HomeBreaking Newsमहंगी Whisky की बोतलों में भरते थे सस्ती शराब! हैदराबाद में पकड़ा...

महंगी Whisky की बोतलों में भरते थे सस्ती शराब! हैदराबाद में पकड़ा गया नकली शराब का खेल, 2 गिरफ्तार

हैदराबाद(Hyderabad) में नकली प्रीमियम शराब बेचने के एक कथित रैकेट का आबकारी विभाग ने खुलासा किया है। आरोपी महंगे विदेशी ब्रांड की खाली बोतलों में सस्ती शराब भरकर उसे असली बताकर ग्राहकों को बेच रहे थे। इस मामले में विभाग ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई शमशाबाद इलाके में की गई, जहां से बड़ी संख्या में शराब की बोतलें बरामद हुई हैं। आबकारी विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 43 वर्षीय वंगाली अशोक और 29 वर्षीय मोहम्मद याकूब पाशा के रूप में हुई है।

जांच में सामने आया कि दोनों कथित तौर पर मिलकर इस कारोबार को चला रहे थे। आरोप है कि अशोक, याकूब पाशा की कबाड़ की दुकान से जॉन वॉकर, ड्यूअर्स और 100 पाइपर्स जैसे महंगे ब्रांड की खाली बोतलें खरीदता था। इसके बाद इन बोतलों में डाउन टाउन नाम के सस्ते ब्रांड की शराब भरकर उन्हें दोबारा पैक किया जाता था। अधिकारियों के अनुसार, डाउन टाउन की एक बोतल की कीमत करीब 560 रुपये है। आरोपी इसी शराब को महंगे ब्रांड की व्हिस्की बताकर ऊंचे दाम पर बेचते थे। अशोक पहले डिस्टिलरी में काम कर चुका है, जबकि याकूब कबाड़ का कारोबार करता है।

छापेमारी में 10 भरी और 30 से ज्यादा खाली बोतलें बरामद

इस अवैध गतिविधि की सूचना मिलने पर डायरेक्टरेट ऑफ टास्क फोर्स (DTF) की टीम ने शमशाबाद के साथम्राई इलाके में अशोक के घर पर छापा मारा। तलाशी के दौरान अधिकारियों को शराब से भरी 10 बोतलें मिलीं। इसके अलावा 30 से अधिक खाली प्रीमियम शराब की बोतलें भी जब्त की गईं।

करीब 10 ग्राहकों तक पहुंचाई गई नकली शराब

आबकारी अधिकारियों को आशंका है कि आरोपी अब तक करीब 10 स्थानीय ग्राहकों को रीफिल की गई शराब बेच चुके हैं। विभाग अब इन लोगों की पहचान कर उनसे पूछताछ करने की तैयारी कर रहा है।

यह कार्रवाई इंस्पेक्टर नरेंद्र के नेतृत्व में की गई। फिलहाल दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है। अधिकारी यह पता लगाने में जुटे हैं कि यह कारोबार कब से चल रहा था और इसके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क तो सक्रिय नहीं है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस कथित रैकेट से कितने लोग प्रभावित हुए हैं।

यह भी पढ़ें : शादी से भी अजब था तलाक का जश्न! महिला ने धूमधाम से रखी ‘डिवोर्स पार्टी’…

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments