रविवार रात मुंबई में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच एक बड़ा हादसा हुआ। मानखुर्द के जनता नगर इलाके में हनुमान मंदिर के पीछे बनी तीन मंज़िला (G+3) चॉल का एक हिस्साजिसमें बेसमेंट भी शामिल था, अचानक ढह गया। इस दुखद घटना में छह लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया और उसका अस्पताल में इलाज चल रहा है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह हादसा रात करीब 8:30 बजे हुआ, जिसमें चॉल नंबर 5 के दो से तीन कमरे गिर गए। घटना की खबर मिलते ही मुंबई पुलिस, फायर ब्रिगेड, BMC और NDRF की टीमें 108 एम्बुलेंस के साथ मौके पर पहुंचीं। मलबे के नीचे और लोगों के दबे होने की आशंका को देखते हुए बड़े पैमाने पर राहत और बचाव कार्य युद्ध स्तर पर चलाया जा रहा है।
शताब्दी अस्पताल के डॉक्टरों ने बताया कि मलबे से निकाले गए पीड़ितों को गंभीर हालत में अस्पताल लाया गया था; छह लोगों को अस्पताल पहुंचने पर मृत घोषित कर दिया गया। मृतकों में चार महिलाएं और दो पुरुष शामिल हैं। एक अन्य व्यक्ति की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि भारी बारिश के बीच इमारत का एक हिस्सा ज़ोरदार आवाज़ के साथ ढह गया, जिससे इलाके में अफरातफरी मच गई। इमारत गिरने के कारणों की जांच की जा रही है।
मानखुर्द मुंबई और नवी मुंबई की सीमा पर स्थित है और यहां बड़ी संख्या में झुग्गियां, छोटे घर और SRA (स्लम रिहैबिलिटेशन अथॉरिटी) की इमारतें हैं। लगातार हो रही बारिश से इलाके में जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है।
इस बीच, भारी बारिश से जुड़ी अलग-अलग घटनाओं में दो और लोगों की मौत हो गई। एक 11 साल के छात्र की मौत पेड़ गिरने से हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति की मौत खुले मैनहोल में गिरने से हुई। प्रशासन ने लोगों से बारिश के दौरान सावधानी बरतने की अपील की है।

