हरियाणा की नायब सिंह सैनी(CM Nayab Saini) सरकार के दो साल पूरे होने के अवसर पर 17 अक्टूबर को चंडीगढ़ में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की जाएगी। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी दोपहर 2:30 बजे हरियाणा निवास में मीडिया से बातचीत करेंगे। इस दौरान वे सरकार के दो साल के कार्यकाल में किए गए कामों और उपलब्धियों की जानकारी दे सकते हैं। कार्यक्रम से पहले दोपहर 1 बजे मीडिया कर्मियों के लिए लंच की व्यवस्था भी की गई है। इस संबंध में सूचना जनसंपर्क एवं भाषा विभाग की ओर से निमंत्रण जारी किया गया है।
इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संभावित हरियाणा दौरे को लेकर भी जानकारी सामने आ सकती है। सूत्रों के मुताबिक, प्रधानमंत्री 1 नवंबर को हरियाणा आ सकते हैं और उनके अंबाला पहुंचने की संभावना है। हालांकि, दौरे की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है। संभावित कार्यक्रम के तहत अंबाला छावनी में करीब 800 करोड़ रुपये की लागत से तैयार 1857 की जंग-ए-आजादी के शहीद स्मारक का उद्घाटन किया जा सकता है। इसके अलावा, प्रदेश की दूसरी विकास परियोजनाओं के उद्घाटन और शिलान्यास से जुड़ी घोषणाएं भी हो सकती हैं।
स्वीडन दौरे के निवेश समझौतों की भी मिलेगी जानकारी
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी अपने हालिया स्वीडन दौरे के दौरान हुई बैठकों और निवेश से जुड़े समझौतों पर भी जानकारी साझा कर सकते हैं। इस दौरे में हुए आशय पत्रों (LOI) और अंतरराष्ट्रीय साझेदारियों के बारे में बताया जा सकता है।
इन समझौतों से हरियाणा में औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा देने और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा करने की संभावनाएं जुड़ी हैं। ऐसे में प्रेस कॉन्फ्रेंस में सरकार के पिछले दो वर्षों के कामकाज के साथ-साथ राज्य की आगामी विकास योजनाओं पर भी चर्चा रहने की उम्मीद है।