हरियाणा के फरीदाबाद में शनिवार को एक बड़ा हादसा हो गया। खेड़ी पुल थाना क्षेत्र स्थित एक निजी स्कूल की छत पर पास में बन रही निर्माणाधीन इमारत की दीवार गिर गई। इस भयावह हादसे में स्कूल की छत टूटकर नीचे आ गिरी, जिससे कई बच्चे मलबे में दब गए। इस घटना में चार बच्चे गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जबकि कुछ अन्य बच्चों को भी चोटें आई हैं।
तेज आंधी के दौरान हुआ हादसा
यह दर्दनाक घटना भारत कॉलोनी के 35 फुट रोड स्थित हंस मेमोरियल पब्लिक स्कूल की है। जानकारी के मुताबिक शनिवार को अचानक तेज आंधी चल रही थी। इसी दौरान स्कूल के साथ बन रही बहुमंजिला इमारत की दीवार का एक बड़ा हिस्सा टूटकर स्कूल की छत पर गिर पड़ा। दीवार गिरते ही स्कूल की छत भी भरभराकर नीचे आ गई और क्लासरूम में मौजूद बच्चे उसकी चपेट में आ गए।
UKG क्लास के बच्चे हुए घायल
बताया जा रहा है कि हादसे के समय यूकेजी क्लास चल रही थी। दीवार और छत का मलबा सीधे बच्चों के ऊपर गिरा। जिसमें 4 बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। बता दें कि सभी बच्चों की उम्र 6 से 7 साल के बीच बताई जा रही है।
स्कूल स्टाफ ने शुरू किया रेस्क्यू
इस हादसे के बाद स्कूल में अफरा-तफरी मच गई। स्कूल स्टाफ और स्थानीय लोगों ने तुरंत बच्चों को मलबे से बाहर निकालना शुरू किया। इसके बाद सभी घायलों को इलाज के लिए बीके अस्पताल पहुंचाया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई।
दोषियों पर होगी कार्रवाई – पुलिस
घटना की जानकारी देते हुए एक पुलिसकर्मी खुर्शीद ने बताया कि हादसे की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य में लापरवाही सामने आने पर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।