Delhi NCR Weather: दिल्ली-NCR में गुरुवार 9 जुलाई को सुबह से ही रुक-रुक कर बारिश हो रही है, जिससे लोगों को गर्मी भरी उमस से बड़ी राहत मिली है। लगातार बारिश के कारण दिल्ली का मौसम सुहाना हो गया है और तापमान में 5-6 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। हालांकि, लगातार हो रही बारिश की वजह से नई दिल्ली रेलवे स्टेशन और मुनिरका समेत कई इलाकों में जलभराव की समस्या हो गई है। IMD ने राजधानी में पूरे दिन भारी बारिश को लेकर ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया है।
10 जुलाई तक भारी बारिश का अनुमान
IMD के अनुसार, 10 जुलाई तक दिल्ली-NCR में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। विभाग ने लोगों को मौसम को देखते हुए सतर्क रहने की सलाह दी है। लगातार एक्टिव मानसून के कारण राजधानी और आसपास के इलाकों में बारिश जारी रहने का अनुमान है।
तापमान में आई बड़ी गिरावट
मौसम विभाग के मुताबिक, बुधवार 8 जुलाई को दिल्ली का अधिकतम तापमान 30.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 5.8 डिग्री सेल्सियस कम रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 25.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 2.5 डिग्री सेल्सियस कम रहा। तापमान में आई इस गिरावट से लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली है।
पिछले 24 घंटों का मौसम
पिछले 24 घंटों के दौरान दिल्ली के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। इस दौरान अधिकतम तापमान में 6 से 8 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज हुई, जबकि न्यूनतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई। इस अवधि में न्यूनतम तापमान 22 से 25 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 28 से 31 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। अधिकतम आर्द्रता 100 प्रतिशत और न्यूनतम आर्द्रता 84 प्रतिशत दर्ज की गई। वहीं, बुधवार सुबह 8:30 बजे तक 14.2 मिमी और शाम 5:30 बजे तक अतिरिक्त 26 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।
#WATCH | Delhi | Heavy rain lashes parts of the National Capital, causing waterlogging in several areas. Visuals from Munirka. pic.twitter.com/wqx2dIvjCp
— ANI (@ANI) July 9, 2026
आज पूरे दिन जारी रहेगी बारिश
IMD के अनुसार, गुरुवार 9 जुलाई को पूरे दिन रुक-रुक कर झमाझम बारिश होने की संभावना है। इस दौरान अधिकतम तापमान 29 से 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22 से 24 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। पूरे दिन आसमान में बादल छाए रहेंगे। इसके साथ ही गरज-चमक, बिजली कड़कने और 15 से 20 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना जताई गई है।
अगले 2 दिनों का मौसम कैसा रहेगा?
मौसम विभाग के मुताबिक, अगले दो दिनों तक अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। इसके बाद तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। रात के समय शहर के अधिकांश इलाकों में रुक-रुक कर हल्की से मध्यम बारिश, आंधी और बिजली कड़कने के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना बनी हुई है। इसके बाद के 24 घंटों में कई जगहों पर बहुत हल्की से हल्की और कुछ स्थानों पर मध्यम बारिश होने का अनुमान है।
Read More:

