उत्तर प्रदेश के इटावा जिले में खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई के दौरान बड़ा हंगामा खड़ा हो गया। पक्का बाग इलाके में संचालित बीआर ऑयल फैक्ट्री पर छापेमारी करने पहुंची टीम ने आरोप लगाया कि वहां ब्रांडेड कंपनियों के खाली डिब्बों में नकली तेल भरकर बाजार में सप्लाई किया जा रहा था। खाद्य सुरक्षा विभाग के असिस्टेंट कमिश्नर राजेश द्विवेदी के नेतृत्व में टीम सैंपल लेने पहुंची थी। जांच के दौरान फैक्ट्री मालिक अंकुर अग्रवाल और उनके परिजनों ने टीम के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट करने की कोशिश की।
आत्मदाह की कोशिश से बढ़ा तनाव
विवाद बढ़ने के बीच फैक्ट्री मालिक और उनके भाइयों ने पेट्रोल डालकर आत्महत्या करने का कोशिश किया। हालांकि मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तुरंत हाथ से पेट्रोल की बोतल छीन ली। इसके बाद कुछ लोगों ने सड़क पर वाहन के सामने लेटकर विरोध प्रदर्शन भी किया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना की जानकारी मिलते ही अतिरिक्त पुलिस बल, सिटी मजिस्ट्रेट, एसडीएम और सीओ सिटी समेत कई अधिकारी भी फैक्ट्री पहुंचे। प्रशासन ने फैक्ट्री का ताला खुलवाकर दोबारा सैंपलिंग कराई और बड़ी मात्रा में तेल को सीज कर दिया।
खाद्य विभाग ने लगाए गंभीर आरोप
असिस्टेंट कमिश्नर राजेश द्विवेदी ने दावा किया कि फैक्ट्री में नकली तेल तैयार कर उसे नामी कंपनियों के डिब्बों में भरकर बेचा जा रहा था। उन्होंने कहा कि विभाग को इस संबंध में शिकायत मिली थी, जिसके बाद छापेमारी की गई। राजेश द्विवेदी के मुताबिक, कार्रवाई के दौरान फैक्ट्री मालिक ने कुछ व्यापारियों और व्यापार मंडल के पदाधिकारियों को बुला लिया, जिसके बाद टीम के साथ बदसलूकी और मारपीट हुई। विभाग ने मामले की लिखित शिकायत पुलिस को सौंप दी है।
व्यापार मंडल और फैक्ट्री मालिक ने लगाए आरोप
बता दें कि दूसरी ओर व्यापार मंडल के अध्यक्ष अनंत अग्रवाल ने खाद्य विभाग पर व्यापारियों को परेशान करने और अवैध तरीके से कार्रवाई करने का आरोप लगाया। उन्होंने मारपीट की घटना से इनकार किया। फैक्ट्री मालिक अंकुर अग्रवाल ने भी कहा कि विभाग की टीम लगातार उनके यहां छापेमारी कर रही है और पहले से कई मुकदमे दर्ज किए जा चुके हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि अधिकारियों द्वारा पैसे की मांग की जाती है और झूठी शिकायतों के आधार पर कार्रवाई की जा रही है।
जांच में जुटी पुलिस
डिप्टी SP अभय नारायण राय ने बताया कि फैक्ट्री से तेल के नमूने लिए गए हैं और पूरे मामले की जांच की जा रही है। पुलिस आसपास के CCTV फुटेज खंगाल रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Read more
अयोध्या में जन्मदिन की खुशी के बीच दर्दनाक हादसा, सरयू नदी में नहाते वक्त बस्ती से आए 3 युवक लापता

