दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने राजधानी में नकली ENO और नकली Nescafé कॉफी बनाने वाले बड़े रैकेट का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मधु विहार इलाके में छापेमारी कर दो अवैध यूनिट पकड़ीं, जहां फर्जी प्रोडक्ट तैयार कर बाजार में सप्लाई किए जा रहे थे।
थोक बाजारों में कर रहे थे सप्लाई
दिल्ली पुलिस द्वारा इस कार्रवाई में करीब 20 लाख रुपये का माल जब्त किया गया है। पुलिस के मुताबिक, नकली सामान थोक और रिटेल बाजारों के जरिए देश के कई हिस्सों में भेजा जा रहा था। नकली ENO जैसे उत्पाद लोगों की सेहत के लिए गंभीर खतरा बन सकते थे।
भारी मात्रा में नकली सामान बरामद
छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से 3 पैकिंग मशीनें, करीब 1 लाख तैयार ENO सैशे, 50 हजार नकली कॉफी सैशे, 500 किलो कॉफी पाउडर, एसिड से भरे ड्रम, पैकिंग रोल, स्टिकर, कार्टन और अन्य सामग्री बरामद की पुलिस के अनुसार, फैक्ट्री में मशीनों के जरिए तेजी से नकली ENO और Nescafé पैक तैयार किए जा रहे थे।
चार आरोपी गिरफ्तार
इस मामले में पुलिस ने उत्तम दास, पपाई दास उर्फ पंकज, नितिन भारद्वाज और संजय बंसल को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी किराये के फ्लैट लेकर पिछले दो महीने से यह धंधा चला रहे थे। फरार आरोपी नितिन भारद्वाज को तकनीकी निगरानी के जरिए देहरादून से पकड़ा गया, जबकि संजय बंसल को कश्मीरी गेट के पास गिरफ्तार किया गया। कंपनियों के प्रतिनिधियों ने जांच में पुष्टि की कि बरामद ENO और कॉफी उत्पाद उनकी कंपनी के नहीं थे और आरोपियों को कोई अधिकृत लाइसेंस नहीं दिया गया था।
Read More
कर्ज के बोझ में दबे पाकिस्तान को सऊदी अरब ने दी 1 अरब डॉलर की चिल्लर

