Delhi Terror Plot ISI Link: दिल्ली-NCR में बड़े आतंकी हमले की साजिश को समय रहते नाकाम कर दिया गया है। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने कार्रवाई करते हुए दो संदिग्धों को गिरफ्तार किया है, जो कथित तौर पर पाकिस्तान स्थित नेटवर्क के इशारे पर काम कर रहे थे।
ISI और गैंगस्टर कनेक्शन
जांच में सामने आया है कि यह साजिश ISI से जुड़े नेटवर्क और पाकिस्तान में बैठे गैंगस्टर शहजाद भट्टी के निर्देश पर रची जा रही थी। आरोपियों को दिल्ली-एनसीआर समेत आसपास के क्षेत्रों में ग्रेनेड हमले और टारगेट किलिंग को अंजाम देने का काम सौंपा गया था।
खुफिया जानकारी के बाद कार्रवाई
स्पेशल सेल को इस साजिश की खुफिया जानकारी मिली थी, जिसके आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। इसके बाद एक विशेष अभियान चलाकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस का कहना है कि समय रहते कार्रवाई से बड़ा नुकसान टल गया।
आरोपियों की हुई पहचान
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजवीर (21) और विवेक बंजारा (19) के रूप में हुई है। दोनों ग्वालियर के रहने वाले हैं और कथित तौर पर इस नेटवर्क के लिए काम कर रहे थे।
हथियार और सबूत बरामद
पुलिस ने आरोपी राजवीर के पास से एक पिस्तौल और छह जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। इसके अलावा दोनों के पास से दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं, जिनमें आपत्तिजनक वीडियो और वॉयस नोट्स मिले हैं। इनसे साजिश के और सुराग मिलने की संभावना है।
होटल को बनाया गया था निशाना
पूछताछ में खुलासा हुआ है कि राजवीर अपने हैंडलर के निर्देश पर दिल्ली-एनसीआर के एक प्रमुख होटल को निशाना बनाने की तैयारी कर रहा था। यह हमला ग्रेनेड के जरिए किया जाना था, जिससे बड़ी जनहानि हो सकती थी।
नेटवर्क की तलाश जारी
पुलिस फिलहाल दोनों आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है और उनके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि किन-किन स्थानों को टारगेट किया जाना था।
सुरक्षा एजेंसियां सतर्क
इस घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर हैं। राजधानी और आसपास के क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी गई है, ताकि भविष्य में इस तरह की किसी भी साजिश को समय रहते नाकाम किया जा सके।
Read More:
आकिब ने आत्महत्या का ड्रामा रचकर छात्रा को घर बुलाया, फिर जबरन बनाए संबंध और रिकॉर्ड किया वीडियो

