कानपुर पुलिस ने नकली करेंसी तैयार कर उसे बाजार में खपाने वाले गिरोह का खुलासा किया है। रेल बाजार इलाके में रामलीला मैदान के पास किराए के कमरे से नकली नोट तैयार किए जा रहे थे। पुलिस ने 52 वर्षीय शेर सिंह समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। तलाशी के दौरान कुल 2 लाख 4 हजार 650 रुपये की नकली करेंसी बरामद हुई। पुलिस के मुताबिक, गिरोह भीड़भाड़ वाली जगहों और रेलवे स्टेशनों के आसपास छोटी दुकानों को निशाना बनाकर नोट चलाने की कोशिश करता था।
कमरे में मिला नकली नोट तैयार करने का पूरा सामान
पुलिस के अनुसार, आरोपी किसी बड़े ठिकाने के बजाय किराए के एक कमरे में नकली नोट बनाने का काम कर रहे थे। छापेमारी के दौरान मौके से प्रिंटर, कैंची, पेपर कटर, तराजू, स्याही के कंटेनर, कागज की शीट, बैग और अन्य सामान बरामद किया गया। इससे पुलिस को अंदेशा है कि कमरे का इस्तेमाल नकली करेंसी तैयार करने के लिए किया जा रहा था।
गिरफ्तार शेर सिंह की उम्र 52 वर्ष है और पुलिस के मुताबिक उसने पांचवीं कक्षा तक पढ़ाई की है। जांच में उसे गिरोह का कथित मास्टरमाइंड बताया गया है। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि उसने नकली नोट तैयार करने की तकनीक कहां से सीखी और क्या इस काम में उसके साथ कोई अन्य व्यक्ति भी तकनीकी भूमिका निभाता था।
100 रुपये के 1,991 नकली नोट बरामद
पुलिस को सबसे ज्यादा 100 रुपये के नकली नोट मिले हैं। बरामदगी में 100 रुपये के 1,991 नोट, 50 रुपये के 71 नोट और 500 रुपये के चार नकली नोट शामिल हैं। इन सभी की कुल कीमत 2,04,650 रुपये बताई गई है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी नकली नोटों को उनकी रकम के मुकाबले तीन गुना रकम के हिसाब से बदलते थे। गिरोह का फोकस छोटे दुकानदारों और रोजमर्रा के लेनदेन वाली जगहों पर था। रेलवे स्टेशन और आसपास के बाजारों में लगातार लोगों की आवाजाही के कारण वहां छोटी खरीदारी के दौरान नकली नोट खपाने की कोशिश की जाती थी। जांच एजेंसी अब यह पता कर रही है कि बरामद करेंसी के अलावा कितनी रकम पहले ही बाजार में पहुंचाई जा चुकी है।
कानपुर सेंट्रल से आसपास के स्टेशनों तक तलाश
पुलिस का कहना है कि गिरोह कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन के अलावा आसपास के जिलों के रेलवे स्टेशनों पर भी नकली नोट चलाने की कोशिश करता था। पुलिस अब नेटवर्क के संभावित विस्तार की जांच कर रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि इनके साथ और कितने लोग जुड़े हुए हैं।
Read More
यूपी विधानसभा चुनाव की तैयारियां तेज, 22 जिलों के अफसरों को आज मिलेगी EVM की ट्रेनिंग

