HomeBreaking Newsयूपी विधानसभा चुनाव की तैयारियां तेज, 22 जिलों के अफसरों को आज...

यूपी विधानसभा चुनाव की तैयारियां तेज, 22 जिलों के अफसरों को आज मिलेगी EVM की ट्रेनिंग

विधानसभा चुनाव(UP Assembly elections) की तैयारियों के बीच उत्तर प्रदेश में निर्वाचन विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में शुक्रवार को वाराणसी में 22 जिलों के निर्वाचन अधिकारियों और संबंधित कर्मचारियों को EVM की फर्स्ट लेवल चेकिंग यानी FLC का प्रशिक्षण दिया जाएगा। यह कार्यक्रम सर्किट हाउस के सभागार में आयोजित होगा। इसमें जिला निर्वाचन अधिकारी, उप जिला निर्वाचन अधिकारी और FLC से जुड़े सुपरवाइजर हिस्सा लेंगे। प्रशिक्षण की अध्यक्षता वरिष्ठ उप निर्वाचन आयुक्त मनीष गर्ग और उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा करेंगे।

इस दौरान अधिकारियों को EVM की फर्स्ट लेवल चेकिंग से जुड़ी पूरी प्रक्रिया और उससे संबंधित प्रशासनिक व्यवस्थाओं की जानकारी दी जाएगी। FLC चुनाव प्रक्रिया का एक महत्वपूर्ण चरण है। मतदान में मशीनों के इस्तेमाल से पहले उनकी तकनीकी स्थिति की जांच की जाती है ताकि चुनाव के दौरान किसी तरह की परेशानी की संभावना कम रहे। प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों और सुपरवाइजर को जांच प्रक्रिया, निगरानी और इससे जुड़ी जिम्मेदारियों के बारे में विस्तार से बताया जाएगा।

छह मंडलों के 22 जिले होंगे शामिल

इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में गोरखपुर, बस्ती, आजमगढ़, वाराणसी, प्रयागराज और मिर्जापुर मंडल के अंतर्गत आने वाले 22 जिलों के अधिकारी शामिल होंगे। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य सभी संबंधित अधिकारियों को FLC की प्रक्रिया से व्यावहारिक रूप से परिचित कराना और चुनाव से पहले EVM की जांच को व्यवस्थित तरीके से पूरा कराने की तैयारी करना है।

वाराणसी पहुंचे वरिष्ठ अधिकारी

प्रशिक्षण कार्यक्रम के लिए वरिष्ठ उप निर्वाचन आयुक्त मनीष गर्ग और मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा गुरुवार शाम वाराणसी पहुंचे। शहर पहुंचने के बाद दोनों अधिकारियों ने काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन किया।

इसके बाद शुक्रवार को वे सर्किट हाउस में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में शामिल होंगे। निर्वाचन विभाग की यह कवायद आगामी विधानसभा चुनाव से पहले मशीनों की जांच और चुनावी तैयारियों को बेहतर तरीके से पूरा करने की दिशा में अहम कदम मानी जा रही है।

यह भी पढ़ें : उत्तर प्रदेश में देर रात बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 5 IAS और 6 PCS अफसरों का हुआ ट्रांसफर…

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments