HomeBreaking Newsअशोकधाम मंदिर में मची भगदड़ के बाद CM सम्राट चौधरी का ऐलान,...

अशोकधाम मंदिर में मची भगदड़ के बाद CM सम्राट चौधरी का ऐलान, कहा – मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये मिलेगा मुआवजा

बिहार के लखीसराय जिले में सावन की तीसरी सोमवारी के दिन अशोकधाम मंदिर में बड़ा हादसा हो गया। सोमवार सुबह मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बीच अचानक भगदड़ मच गई। हादसे में 8 महिला श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग घायल हुए हैं। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

4-4 लाख मुआवजे का हुआ ऐलान

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने घटना पर गहरा दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये मुआवजा देने की घोषणा की है। उन्होंने घायलों के समुचित और त्वरित इलाज के लिए प्रशासन को आवश्यक निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर लिखा कि लखीसराय के अशोकधाम की घटना अत्यंत दुखद और हृदयविदारक है। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना जताई और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

ट्रेन आने के बाद मची अफरा-तफरी

लखीसराय के डीएम शैलेंद्र कुमार के मुताबिक, अशोकधाम हॉल्ट पर एक साथ दोनों ओर से ट्रेनें आ गई थीं। ट्रेन देखकर कुछ युवकों ने अचानक भागना शुरू कर दिया। इस दौरान वहां लगा बिजली का एक पोल गिर गया। पोल गिरने के बाद मौके पर करंट फैलने की अफवाह फैल गई। डीएम के अनुसार, उस समय बिजली की आपूर्ति बंद थी और तार भी कवर था। इसके बावजूद अफवाह के कारण श्रद्धालुओं में दहशत फैल गई और भीड़ में भगदड़ मच गई। इसी अफरा-तफरी में कई श्रद्धालु एक-दूसरे के नीचे दब गए। हादसे में आठ महिला श्रद्धालुओं की जान चली गई और कई लोग घायल हो गए।

राहत-बचाव कार्य शुरू

घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासन और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचा। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। प्रशासन की टीमें घटनास्थल पर राहत और बचाव कार्य में जुटी हैं। हादसे के बाद मंदिर और आसपास के इलाके में सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ा दी गई है।

पूर्व CM नीतीश कुमार ने जताया दुख

पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी हादसे पर दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। प्रशासन फिलहाल हादसे के कारणों और घटनास्थल पर मौजूद व्यवस्थाओं की जांच कर रहा है। डीएम के मुताबिक, करंट लगने की बात अफवाह थी, जबकि भगदड़ का कारण उस अफवाह से पैदा हुई दहशत और अचानक हुई भागदौड़ बताई जा रही है।

Read More

दिल्ली में ई-रिक्शा बैटरी में ब्लास्ट से लगी भीषण आग, 2 लोगों की मौत

Ram Janam Chauhan
Ram Janam Chauhanhttp://mhone.in
राम जनम चौहान वर्तमान में MH One News के साथ जुड़े हुए हैं। वे मुख्य रूप से पॉलिटिक्स और नेशनल न्यूज़ को कवर करते हैं। उन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत दैनिक जागरण संस्थान के साथ की। इसके अलावा Zee Media और India News में इंटर्नशिप की है। राम जनम चौहान ने डॉ. भीमराव अंबेडकर कॉलेज (गोकलपुरी, दिल्ली) से पत्रकारिता एवं जनसंचार (BJMC) की डिग्री प्राप्त की है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments