ऑन-स्क्रीन मार्किंग (OSM) प्रणाली को लेकर उठे विवाद के बीच केंद्र सरकार ने केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। बोर्ड के चेयरमैन राहुल सिंह और सचिव हिमांशु गुप्ता का तबादला कर दिया गया है। उनकी जगह लोखंडे प्रशांत सीताराम को नया चेयरमैन नियुक्त किया गया है। यह फैसला ऐसे समय में लिया गया है जब बोर्ड की मूल्यांकन प्रक्रिया को लेकर छात्रों और अभिभावकों की शिकायतें लगातार बढ़ रही थीं।
उत्तर पुस्तिकाओं को लेकर हुआ था विवाद
विवाद तब गहराया जब 12वीं कक्षा के कुछ छात्रों ने दावा किया कि बोर्ड की ओर से उपलब्ध कराई गई स्कैन की गई उत्तर पुस्तिकाएं उनकी वास्तविक लिखावट से मेल नहीं खा रही थीं। इसके बाद ऑन-स्क्रीन मार्किंग सिस्टम की विश्वसनीयता और उत्तर पुस्तिकाओं के मिलान की प्रक्रिया पर सवाल खड़े होने लगे। मामले ने सोशल मीडिया पर भी जोर पकड़ा और कई अभिभावकों ने पारदर्शिता की मांग करने लगे।
तकनीकी दिक्कतों से बढ़ी परेशानी
CBSE को हाल के दिनों में तकनीकी खामियों, भुगतान संबंधी समस्याओं और पुनर्मूल्यांकन प्रक्रिया में देरी को लेकर भी आलोचनाओं का सामना करना पड़ा। कई छात्रों ने शिकायत की कि ऑनलाइन सेवाओं के इस्तेमाल में उन्हें दिक्कतें आईं। इसी बीच बोर्ड ने बताया कि री-इवैल्यूएशन पोर्टल शुरू होते ही उस पर साइबर हमला करने की कोशिश की गई, जिससे सेवाओं को प्रभावित करने का प्रयास हुआ।
साइबर हमले का भी किया गया दावा
बोर्ड के मुताबिक, कुछ शरारती तत्वों ने ‘डिनायल ऑफ सर्विस’ (DoS) अटैक के जरिए पोर्टल को बाधित करने की कोशिश किए। CBSE का दावा है कि दो मिनट के भीतर पोर्टल पर करीब 15 लाख हिट्स दर्ज किए गए, जबकि फाइलों तक अनधिकृत पहुंच बनाने के एक लाख से अधिक प्रयास हुए। हालांकि तकनीकी टीम ने समय रहते स्थिति को नियंत्रित कर लिया और सेवाएं सामान्य बनाए रखीं।
CBSE ने बोर्ड परीक्षा के अंकों से असंतुष्ट छात्रों के लिए ऑनलाइन री-इवैल्यूएशन सुविधा भी शुरू कर दी है। इस पोर्टल के माध्यम से वे छात्र आवेदन कर सकते हैं जिन्हें अपनी उत्तर पुस्तिकाओं की स्कैन कॉपी पहले ही उपलब्ध कराई जा चुकी है। अगर किसी छात्र को मूल्यांकन में गलती की आशंका है, तो वह निर्धारित प्रक्रिया के तहत पुनर्मूल्यांकन के लिए आवेदन कर सकता है।
राम जनम चौहान वर्तमान में MH One News के साथ जुड़े हुए हैं। वे मुख्य रूप से पॉलिटिक्स और नेशनल न्यूज़ को कवर करते हैं। उन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत दैनिक जागरण संस्थान के साथ की। इसके अलावा Zee Media और India News में इंटर्नशिप की है। राम जनम चौहान ने डॉ. भीमराव अंबेडकर कॉलेज (गोकलपुरी, दिल्ली) से पत्रकारिता एवं जनसंचार (BJMC) की डिग्री प्राप्त की है।