संभल जिले के गुन्नौर कोतवाली क्षेत्र में हुए सनसनीखेज हत्याकांड(Sambhal Murder Case) का पुलिस ने खुलासा करने का दावा किया है। सैंजना मुस्लिम गांव में अपनी बहन की गोली मारकर हत्या करने के आरोप में पुलिस ने उसके भाई को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किया गया तमंचा भी बरामद कर लिया गया है।
मामला बहन के प्रेम संबंध और शादी की इच्छा को लेकर हुए विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
घर में ही कर दी बहन की हत्या
पुलिस के अनुसार, घटना 12 जून की सुबह करीब साढ़े सात बजे की है। सैंजना मुस्लिम गांव में रहने वाली 18 वर्षीय मुस्कान की उसके भाई सनी मोहम्मद ने कथित तौर पर गोली मारकर हत्या कर दी थी। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। मृतका की मां परवीन की शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी बेटे के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया था। इसके बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी।
आरोपी की तलाश में लगाई गईं कई टीमें
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी को पकड़ने के लिए कई टीमों का गठन किया। पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी और आरोपी की तलाश में जुटी थी।
पुलिस के मुताबिक, रविवार रात करीब साढ़े आठ बजे आरोपी सनी मोहम्मद को बदायूं हाईवे से छबीलपुर जाने वाले मार्ग के पास स्थित एक तिराहे से गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी के बाद उसकी निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किया गया तमंचा बरामद किया।
प्रेम संबंधों को लेकर था विवाद
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि उसकी बहन मुस्कान अपने मौसेरे भाई से बातचीत करती थी। दोनों के बीच संबंध होने की बात को लेकर वह नाराज था।
पुलिस के अनुसार, मुस्कान उस युवक से शादी करना चाहती थी जिसका सनी विरोध करता था।बताया गया कि इसी मुद्दे को लेकर घर में अक्सर विवाद होता रहता था। घटना से एक दिन पहले भी भाई-बहन के बीच इसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी।
सोते समय मारी गोली
पुलिस की जांच के अनुसार, 12 जून की सुबह जब मुस्कान घर में चारपाई पर लेटी हुई थी तभी सनी मोहम्मद ने कथित रूप से तमंचे से गोली चला दी। गोली लगने से उसकी मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी ने हथियार और कारतूस को कथित रूप से पास के कब्रिस्तान में छिपा दिया और वहां से फरार हो गया।
पुलिस ने जांच के दौरान आरोपी की निशानदेही पर हथियार और अन्य सामान बरामद करने की बात कही है। इस मामले में पुलिस आगे की जांच कर रही है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि साक्ष्यों और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।