BJP Leader Nitin Nabin Punjab Visit: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन आज से तीन दिवसीय पंजाब दौरे पर रहेंगे। दौरे के दौरान वे राज्य के विभिन्न धार्मिक, ऐतिहासिक और संगठनात्मक कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। भाजपा इसे संगठन को मजबूत करने और जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं से बातचीत बढ़ाने की दिशा में अहम दौरा मान रही है।
अमृतसर में होगा भव्य स्वागत
नितिन नबीन दोपहर 12:20 बजे अमृतसर एयरपोर्ट पहुंचेंगे, जहां भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं द्वारा उनका स्वागत किया जाएगा। इसके बाद उनका कार्यक्रम अमृतसर के प्रमुख धार्मिक और ऐतिहासिक स्थलों के दौरे का रहेगा।
गोल्डन टेंपल के करेंगे दर्शन
दोपहर 3 बजे नितिन नबीन श्री हरमंदिर साहिब में माथा टेकेंगे। इसके बाद शाम 4:15 बजे वे जालियांवाला बाग जाएंगे। शाम 5 बजे उनका श्री दुर्ग्याणा मंदिर पहुंचने का कार्यक्रम है, जबकि शाम 6 बजे वे श्री राम तीर्थ मंदिर में दर्शन करेंगे। भाजपा नेतृत्व इस दौरे को पंजाब की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत से जुड़ाव के रूप में भी देख रहा है।
जालंधर और लुधियाना का भी करेंगे दौरा
अमृतसर के बाद भाजपा अध्यक्ष जालंधर और लुधियाना का दौरा करेंगे। इन शहरों में वे पार्टी नेताओं और जमीनी स्तर के कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर संगठन की स्थिति का फीडबैक लेंगे। साथ ही आगामी चुनावों की तैयारियों और रणनीति को लेकर चर्चा करेंगे।
माइक्रो प्लानिंग पर रहेगा फोकस
लुधियाना में नितिन नबीन विशेष रूप से कार्यकर्ताओं और नेताओं के साथ बैठक करेंगे। इस दौरान चुनावी तैयारियों को लेकर माइक्रो प्लानिंग पर विचार-विमर्श होगा। पार्टी संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने और स्थानीय मुद्दों को समझने पर भी जोर दिया जाएगा।
माझा, दोआबा और मालवा पर नजर
दौरे के दौरान भाजपा अध्यक्ष पंजाब के तीनों प्रमुख क्षेत्रों माझा, दोआबा और मालवा के नेताओं व कार्यकर्ताओं से बातचीत करेंगे। इस प्रक्रिया के जरिए वे संगठन की जमीनी स्थिति का आकलन करेंगे और प्रदेश में भाजपा की मौजूदगी को और मजबूत बनाने की दिशा में आवश्यक सुझाव प्राप्त करेंगे। भाजपा नेताओं का मानना है कि राष्ट्रीय अध्यक्ष का यह दौरा पंजाब के लिए नई ऊर्जा लेकर आएगा। पार्टी को उम्मीद है कि इससे कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ेगा और आगामी चुनावों को लेकर संगठनात्मक तैयारियों को नई गति मिलेगी।
Read More:
कोलकाता एयरपोर्ट पर TMC-BJP कार्यकर्ताओं में झड़प, अभिषेक बनर्जी के पहुंचने से पहले बढ़ा तनाव

