उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी ने संगठन के साथ डिजिटल मोर्चे को भी मजबूत करने की तैयारी शुरू कर दी है। पार्टी 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाएगी। इस दौरान घर-घर संपर्क, बैठक और नुक्कड़ सभाओं के साथ सोशल मीडिया, रील्स, वॉट्सऐप, स्थानीय डिजिटल प्लेटफॉर्म और इन्फ्लुएंसर्स के जरिए सरकार की योजनाओं और उनके असर को लोगों तक पहुंचाने की रणनीति बनाई गई है।
युवाओं तक पहुंचने की रणनीति
लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में हुई प्रदेश स्तरीय कार्यशाला में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, राष्ट्रीय महामंत्री स्मृति ईरानी, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक और केशव प्रसाद मौर्य समेत वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। कार्यशाला में कार्यकर्ताओं को सोशल मीडिया पर विपक्ष के नैरेटिव का जवाब देने और सरकार के काम को नए तरीके से प्रस्तुत करने के बारे में बताया गया। CM योगी ने कहा कि युवाओं को 2017 से पहले और उसके बाद के यूपी का फर्क ‘तब और अब’ की कहानियों के जरिए समझाया जाना चाहिए। उनका जोर सरकार के काम को सीधे लोगों के अनुभवों और सफलता की कहानियों से जोड़ने पर रहा।
नौकरी, शिक्षा और स्टार्टअप को बनाया जाएगा कंटेंट का आधार
प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने आवास, उज्ज्वला, किसान योजनाओं, स्टार्टअप और डिजिटल भुगतान जैसी योजनाओं का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि अभियान में केवल उपलब्धियां गिनाने के बजाय यह दिखाया जाएगा कि इनसे आम लोगों की जिंदगी में क्या बदलाव आया। CM योगी ने दावा किया कि 2017 के बाद 9.30 लाख युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई हैं और अगले छह महीनों में करीब एक लाख युवाओं को नियुक्ति पत्र देने की तैयारी है। उनके मुताबिक, यूपी में स्टार्टअप की संख्या 2017 से पहले 120 थी, जो अब करीब 24 हजार हो गई है।
शिक्षा क्षेत्र में ऑपरेशन कायाकल्प के तहत 1.36 लाख विद्यालयों में विकास कार्य किए जाने और बच्चों को यूनिफॉर्म, स्कूल बैग, किताबें, जूते-मोजे और स्वेटर जैसी सुविधाएं मिलने की बात भी उन्होंने रखी। उनके अनुसार बेसिक शिक्षा परिषद के विद्यालयों में छात्रों की संख्या करीब 1.20 करोड़ से बढ़कर 1.60 करोड़ हो गई है।
डिजिटल प्लेटफॉर्म पर सक्सेस स्टोरी
प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह के अनुसार अभियान की शुरुआत 17 सितंबर से होगी। 2 अक्टूबर को प्रमुख स्थानों पर नुक्कड़ नाटक के जरिए सरकार के विकास कार्यों को प्रस्तुत किया जाएगा। डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक और केशव प्रसाद मौर्य ने इसे बूथ स्तर तक पहुंचाने पर जोर दिया।
स्मृति ईरानी ने ‘सपनों का भारत’ कार्यक्रम का जिक्र करते हुए कार्यकर्ताओं से कंटेंट क्रिएटर्स और इन्फ्लुएंसर्स के साथ काम करने को कहा। पार्टी अब सरकारी योजनाओं से लाभ पाने वाले लोगों की सक्सेस स्टोरी को रील और डिजिटल कंटेंट के रूप में पेश करने की तैयारी में है। साथ ही सीएम योगी ने इंसेफेलाइटिस पर सरकार की कार्रवाई और अपराध के खिलाफ अपनी सरकार के रुख को भी अभियान के नैरेटिव का हिस्सा बनाने के संकेत दिए।
Read More


[…] […]