पंजाब पुलिस ने आतंकवाद के खिलाफ कार्रवाई करते हुए अमृतसर में पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई (ISI) से जुड़े एक आतंकी मॉड्यूल का पर्दाफाश किया है। कमिश्नरेट पुलिस ने इस मामले में 24 वर्षीय सुमित कुमार उर्फ पंडित को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी किसी बड़ी आतंकी वारदात को अंजाम देने की तैयारी में था।
हैंड ग्रेनेड, ग्लॉक पिस्टल और कारतूस बरामद
पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि आरोपी के पास से एक हैंड ग्रेनेड, अत्याधुनिक 9 एमएम ग्लॉक पिस्टल, चार जिंदा कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है। आरोपी मूल रूप से पंजाब के रूपनगर जिले का निवासी है। पुलिस के मुताबिक, वर्ष 2023 में NDPS एक्ट के एक मामले में नाम आने के बाद वह अमृतसर ग्रामीण क्षेत्र के गांव पंडोरी में अपने रिश्तेदारों के पास रहने लगा था। इसी दौरान वह एक कपड़ा फैक्ट्री में काम कर रहा था।
सोशल मीडिया के जरिए ISI हैंडलरों के संपर्क में आया
जांच में सामने आया है कि सोशल मीडिया के माध्यम से पाकिस्तान स्थित ISI हैंडलरों ने आरोपी से संपर्क किया था। पुलिस का दावा है कि उसे पैसों और विदेश भेजने का लालच देकर आतंकी गतिविधियों के लिए तैयार किया गया। जांच एजेंसियों के अनुसार, आरोपी को पुलिस प्रतिष्ठानों पर ग्रेनेड हमला करने, पुलिस टीम पर फायरिंग करने और भीड़भाड़ वाले सार्वजनिक स्थानों को निशाना बनाकर प्रदेश में दहशत फैलाने के निर्देश दिए गए थे।
मोबाइल से मिले डिजिटल सबूत
पुलिस ने आरोपी के मोबाइल फोन से कई महत्वपूर्ण डिजिटल साक्ष्य भी बरामद किए हैं। इनमें हथियारों के इस्तेमाल, ग्रेनेड चलाने, रेकी करने, हथियार छिपाने और पुलिस से बचने के तरीकों से जुड़े वीडियो और निर्देश शामिल बताए गए हैं। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और विदेश में बैठे हैंडलरों की पहचान करने में जुटी है। पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने युवाओं से अपील की है कि वे किसी भी तरह के लालच या बहकावे में न आएं और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।
Read More
पंजाब के 8 टोल प्लाजा पर बढ़े रेट, लाडोवाल टोल फिर हुआ महंगा…

