HomeBreaking Newsदिल्ली से अमेरिका तक ठगी का जाल! Apple टेक्नीशियन बनकर चला रहे...

दिल्ली से अमेरिका तक ठगी का जाल! Apple टेक्नीशियन बनकर चला रहे थे फर्जी कॉल सेंटर

दिल्ली में बैठकर अमेरिकी नागरिकों को ठगने वाले एक फर्जी कॉल सेंटर(Delhi US fake call) का पश्चिमी जिला साइबर पुलिस ने पर्दाफाश किया है। यह कॉल सेंटर तिलक नगर के ओल्ड महावीर नगर में एक इमारत की चौथी मंजिल पर चल रहा था। पुलिस ने छापेमारी कर दो युवतियों समेत छह लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपित खुद को Apple कंपनी का तकनीकी सहायक बताकर लोगों को अपने जाल में फंसाते थे।

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपितों की पहचान नागालैंड निवासी डेविड उर्फ माइक और दिल्ली निवासी अभिषेक खुंगर उर्फ जान, तंजीम उर्फ एडेन ब्राउन, प्रभात सिंह उर्फ आदम, सेवीनार और हेलेना के रूप में हुई है। मौके से चार लैपटॉप, आठ मोबाइल फोन, चार हेडफोन, वाई-फाई राउटर और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए गए हैं।

फर्जी अलर्ट भेजकर लोगों को बनाते थे निशाना

जांच में सामने आया कि आरोपित अमेरिकी नागरिकों के मोबाइल फोन और अन्य उपकरणों पर पॉप-अप संदेश भेजते थे। इन संदेशों में दावा किया जाता था कि उनकी Apple ID से ऐप स्टोर पर 149.99 डॉलर का संदिग्ध लेनदेन हुआ है। खाते को सुरक्षित करने और समस्या ठीक करने के नाम पर एक टोल फ्री नंबर भी दिया जाता था।

Apple कर्मचारी बनकर जीतते थे भरोसा

जब लोग दिए गए नंबर पर फोन करते तो आरोपित एक्स-लाइट और माइक्रो एसआईपी डायलर जैसे सॉफ्टवेयर के जरिए कॉल रिसीव करते थे। वे खुद को Apple का तकनीकी सहायक बताते और पीड़ितों की निजी जानकारी हासिल करते थे।

इसके बाद बैंक अधिकारी बनकर कॉल ट्रांसफर करने और समस्या सुलझाने का बहाना बनाया जाता था। ठगी की रकम वालमार्ट या Apple के गिफ्ट कार्ड के जरिए ली जाती थी। इसके लिए आरोपित अंग्रेजी में तैयार स्क्रिप्ट का इस्तेमाल करते थे।

वेब कैम पर मिली काली टेप

गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने छापा मारा। वहां इस्तेमाल हो रहे सभी लैपटॉप के वेब कैम पर काली टेप लगी मिली। पुलिस को संदेह है कि ऐसा रिकॉर्डिंग से बचने के लिए किया गया होगा।

पुलिस के अनुसार, गिरोह बिना वैध अनुमति वीओआईपी कॉलिंग और अवैध टेलीकॉम नेटवर्क के जरिए अंतरराष्ट्रीय कॉल कर रहा था। फिलहाल पुलिस ठगी के शिकार लोगों, गिरोह के अन्य संपर्कों और ठगी की कुल रकम का पता लगाने में जुटी है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments