‘बिग बॉस 20’ के घर में माही विज(Mahhi Vij) से जुड़ा एक भावुक पल चर्चा में है। अरिश्फा खान के साथ बहस के बाद माही रो पड़ीं। बातचीत के दौरान उन्होंने अपनी निजी जिंदगी, बेटी तारा की परवरिश और जय भानुशाली से तलाक के बाद की परिस्थितियों के बारे में खुलकर बात की। माही ने बताया कि उन्होंने गुजारा-भत्ता लेने से इनकार क्यों किया। इस पूरे मामले पर उनके पूर्व पति जय भानुशाली ने भी सोशल मीडिया के जरिए उनका समर्थन किया है।
शो में साथी कंटेस्टेंट्स से बातचीत करते हुए माही ने कहा कि एक मां के तौर पर वह अपनी बेटी की जिम्मेदारी खुद संभालना चाहती हैं। उन्होंने बताया कि जय ने हमेशा उनका साथ दिया है लेकिन वह उनसे गुजारा-भत्ता नहीं लेना चाहती थीं। माही के मुताबिक, उन्हें पता है कि जय ने पैसे कमाने के लिए कितनी मेहनत की है। वह अपनी बेटी तारा का भविष्य अपने दम पर सुरक्षित करना चाहती हैं। माही ने यह भी बताया कि इस फैसले पर उन्हें दोबारा विचार करने की सलाह दी गई थी, लेकिन वह अपने निर्णय पर कायम रहीं।
जय भानुशाली ने सोशल मीडिया पर किया सपोर्ट
माही को भावुक होते देखने के बाद जय भानुशाली ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक पोस्ट साझा किया। उन्होंने माही को हिम्मत रखने के लिए कहा और स्पष्ट किया कि उनके रिश्ते में कभी पैसे को लेकर कोई विवाद नहीं रहा।


