Benny Rae Harmony: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपनी कम्युनिकेशन टीम में बदलाव करते हुए 24 वर्षीय पत्रकार बेनी रे हार्मनी को व्हाइट हाउस की नई जिम्मेदारी सौंपने का फैसला किया है। दी गई जानकारी के मुताबिक, उन्हें व्हाइट हाउस प्रवक्ता और असिस्टेंट व्हाइट हाउस प्रेस सेक्रेटरी की जिम्मेदारी दी गई है। वह 5 अक्टूबर 2026 से यह भूमिका संभालेंगी। हार्मनी की नियुक्ति ऐसे समय में हुई है, जब ट्रंप प्रशासन के संदेश और नीतियों को मीडिया व जनता तक पहुंचाने में कम्युनिकेशन टीम की भूमिका अहम है।
पत्रकारिता में पहले से एक्टिव
बेनी रे हार्मनी इससे पहले Real America’s Voice से जुड़ी पत्रकार के तौर पर काम कर चुकी हैं। उपलब्ध प्रसारण रिकॉर्ड में उन्हें चैनल की व्हाइट हाउस और कांग्रेस संबंधी कवरेज में सक्रिय संवाददाता के रूप में देखा जा सकता है। वह ट्रंप प्रशासन से जुड़े कई कार्यक्रमों और विदेश यात्राओं की कवरेज भी कर चुकी हैं। व्हाइट हाउस में उनकी एंट्री ने सभी का ध्यान अपनी तरफ खींचा है, क्योंकि एक पत्रकार होने के साथ-साथ बेनी रे हार्मनी की खूबसूरती, उनका शानदार फैशन सेंस और स्क्रीन प्रेजेंस सबका ध्यान अपनी तरफ खींचते हैं।
ट्रंप के साथ विदेश यात्राओं में भी रहीं
हार्मनी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ कई अंतरराष्ट्रीय यात्राओं में शामिल रही हैं। दी गई जानकारी के अनुसार, हाल ही में वह ट्रंप के साथ आयरलैंड की यात्रा पर भी गई थीं। इससे पहले भी वह राष्ट्रपति की विदेश यात्राओं और व्हाइट हाउस से जुड़े महत्वपूर्ण घटनाक्रमों को कवर करती रही हैं।
एंकरिंग का भी अनुभव
व्हाइट हाउस की नई जिम्मेदारी संभालने जा रहीं हार्मनी के पास एंकरिंग का अनुभव भी है। वह अपने बेबाक ऑन-एयर अंदाज के लिए पहचानी जाती रही हैं। सितंबर 2025 में अपने पूर्व मेंटर चार्ली किर्क की हत्या के बाद उन्होंने उन्हें ऑन-एयर भावुक श्रद्धांजलि दी थी। इसके बाद चैनल ने उन्हें निलंबित किया था और बाद में उन्होंने इस्तीफा दे दिया था।
क्या होगी नई जिम्मेदारी?
नई भूमिका में हार्मनी के सामने ट्रंप प्रशासन की नीतियों और फैसलों को मीडिया तथा जनता के सामने रखने की अहम जिम्मेदारी होगी। इसके साथ ही ‘अमेरिका फर्स्ट’ एजेंडे से जुड़े प्रशासन के संदेशों को संप्रेषित करना, मीडिया ब्रीफिंग्स में हिस्सा लेना और प्रेस पूल से जुड़े कामों को संभालना भी उनकी भूमिका का हिस्सा होगा।
नई जिम्मेदारी पर जताई खुशी
बेनी रे हार्मनी ने नई जिम्मेदारी मिलने पर खुशी जाहिर की है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा ‘मैं अमेरिकी लोगों की सेवा करने और अमेरिकन ड्रीम और अमेरिका फर्स्ट के लिए लड़ने को लेकर पूरी तरह तैयार हूं. उन्होंने इस जिम्मेदारी के लिए अमेरिकी राष्ट्रपति का शुक्रिया किया है। वहीं, ट्रंप ने भी उन्हें नई भूमिका के लिए बधाई दी है।
मीडिया से प्रशासन तक का सफर
हार्मनी का नया पद उनके पत्रकारिता करियर से प्रशासनिक संचार की ओर एक बड़ा बदलाव है। उपलब्ध रिकॉर्ड से यह स्पष्ट है कि वह 2025-26 के दौरान ट्रंप प्रशासन से जुड़ी खबरों और कार्यक्रमों की कवरेज में सक्रिय रही हैं।
Read More:

