West Bengal Violence: पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव परिणाम आने के बाद राजनीतिक हिंसा थमने का नाम नहीं ले रही है। पुलिस के अनुसार उत्तर 24 परगना जिले के पनिहाटी इलाके में भाजपा कार्यकर्ताओं पर देर रात देशी बम से हमला किया गया, जिसमें पांच BJP कार्यकर्ता घायल हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल बन गया है। पुलिस और केंद्रीय बलों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को कंट्रोल किया है।
आधी रात दत्ता रोड पर फेंके गए तीन बम
पुलिस के अनुसार, घटना पनिहाटी नगरपालिका के वार्ड नंबर-2 स्थित दत्ता रोड पर आधी रात के बाद हुई। बताया जा रहा है कि कुछ भाजपा कार्यकर्ता इलाके में लोगों से बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान बाइक पर सवार चार हमलावर वहां पहुंचे और लगातार तीन देशी बम फेंके। अचानक हुए विस्फोट से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और हमलावर मौके से फरार हो गए।
पांच कार्यकर्ता गंभीर रूप से घायल
बम विस्फोट में पांच भाजपा कार्यकर्ता गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायलों को तुरंत कोलकाता के आरजी कार मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। स्थानीय लोगों के मुताबिक विस्फोट की आवाज काफी दूर तक सुनी गई, जिससे आसपास के इलाकों में भी दहशत फैल गई।
पुलिस टीम मौके पर पहुंची
घटना की जानकारी मिलते ही खरदाह पुलिस स्टेशन की टीम मौके पर पहुंची। हालात को देखते हुए केंद्रीय बलों को भी तैनात किया गया। सुरक्षा बलों ने इलाके में गश्त बढ़ा दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। आरोपियों की तलाश में तलाशी अभियान भी शुरू कर दिया गया है।
शुभेंदु अधिकारी ने TMC पर साधा निशाना
भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी ने घटना को लेकर राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में पिछले 15 वर्षों से बदले की राजनीति चल रही है और यह उसी ‘महा जंगलराज’ का नतीजा है। उन्होंने दावा किया कि खरदाह में बम विस्फोट हुआ, जबकि बसीरहाट में भाजपा कार्यकर्ताओं पर गोलीबारी की गई। अधिकारी ने कहा कि हिंसा फैलाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
राज्य के कई हिस्सों से हिंसा की खबरें
4 मई को विधानसभा चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद से पश्चिम Bengal के अलग-अलग हिस्सों से लगातार राजनीतिक हिंसा की खबरें सामने आ रही हैं। कई जगहों पर तृणमूल कांग्रेस कार्यालयों में तोड़फोड़ और पोस्टर फाड़ने की घटनाएं हुईं, जबकि कुछ इलाकों में भाजपा कार्यकर्ताओं पर हमले किए गए। पुलिस का कहना है कि हिंसा फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Read More:

