Weather Update: दिल्ली-एनसीआर में भीषण गर्मी के बीच मौसम अब करवट लेने जा रहा है। भारतीय मौसम विभाग ने अगले चार दिनों तक आंधी और बारिश की संभावना जताई है। गुरुवार के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार बारिश और तेज हवाओं के बाद तापमान में गिरावट आएगी, जिससे लोगों को गर्मी और हीटवेव से राहत मिल सकती है।
तापमान में आएगी गिरावट
दिल्ली में बुधवार को अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। वहीं आज अधिकतम तापमान 43 डिग्री और न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। मौसम विभाग का कहना है कि उत्तर-पश्चिम भारत में सक्रिय हो रहे नए पश्चिमी विक्षोभ के कारण तापमान में 6 से 8 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है।
मानसून ने पकड़ी रफ्तार
आईएमडी ने 27 मई की रात जारी मौसम बुलेटिन में बताया कि दक्षिण-पश्चिम मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा है। मानसून अरब सागर, लक्षद्वीप, बंगाल की खाड़ी और अंडमान सागर के कई हिस्सों तक पहुंच चुका है। विभाग के अनुसार अगले दो से तीन दिनों में मानसून के और आगे बढ़ने की संभावना है, जिससे कई राज्यों के मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा।
यूपी-बिहार में बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में 29 मई को तेज आंधी की चेतावनी जारी की है। इन इलाकों में 100 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। साथ ही गरज-चमक, भारी बारिश और ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है। उत्तर प्रदेश में धूल भरी आंधी चलने का अनुमान है, जबकि बिहार और झारखंड में अगले चार दिनों तक बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी रह सकता है।
राजस्थान और एमपी में हीटवेव का कहर
राजस्थान में मौसम विभाग ने धूल भरी आंधी का अलर्ट जारी किया है। वहीं राजस्थान, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और विदर्भ में गंभीर हीटवेव की चेतावनी दी गई है। राजस्थान के श्रीगंगानगर में बुधवार को देश का सबसे अधिक तापमान 48.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जिससे लोगों को भारी गर्मी का सामना करना पड़ा।
उत्तराखंड में ओलावृष्टि का अलर्ट
उत्तराखंड में भी मौसम तेजी से बदलने वाला है। मौसम विभाग ने उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन इलाकों में बिजली गिरने और ओलावृष्टि की संभावना भी जताई गई है।
हिमाचल में भी बिगड़ेगा मौसम
हिमाचल प्रदेश में भी मौसम यू-टर्न लेता दिखाई दे रहा है। चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला में बारिश, आंधी और ओलावृष्टि को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है।
Read More:

