Vinod Tawde Uttar Pradesh Visit: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर भाजपा ने संगठन स्तर पर तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी के प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े 16 से 22 सितंबर तक यूपी के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह अलग-अलग क्षेत्रों में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठकें कर जमीनी स्थिति का फीडबैक लेंगे। मौजूदा तैयारियों के आधार पर आगे की संगठनात्मक और चुनावी रणनीति तय की जाएगी।
तावड़े का तीसरा दौरा
उत्तर प्रदेश का प्रभारी बनाए जाने के बाद विनोद तावड़े का यह तीसरा दौरा है। भाजपा ने 18 अगस्त को उन्हें यूपी का प्रभारी नियुक्त किया था। पहले दौरे में उन्होंने लखनऊ में पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक कर फीडबैक लिया था। दूसरे दौरे में वह राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष के साथ लखनऊ पहुंचे थे और कानपुर का भी दौरा किया था। अब उनके दौरे का फोकस गोरखपुर, अवध और काशी क्षेत्रों पर रहेगा।
गोरखपुर से होगी शुरुआत
तावड़े बुधवार शाम लखनऊ पहुंचेंगे। इसके बाद 17 और 18 सितंबर को वह गोरखपुर में रहेंगे और गोरखपुर क्षेत्र की संगठनात्मक बैठक करेंगे। इस दौरान क्षेत्र के पदाधिकारियों और स्थानीय नेताओं से विधानसभा स्तर की तैयारियों पर जानकारी ली जाएगी।
अयोध्या में अवध क्षेत्र की बैठक
गोरखपुर के बाद तावड़े 19 और 20 सितंबर को अयोध्या जाएंगे। यहां अवध क्षेत्र के पदाधिकारियों के साथ बैठक होगी। संगठन को मंडल, जिला और बूथ स्तर तक मजबूत करने के साथ क्षेत्र की चुनावी तैयारियों पर चर्चा की जाएगी।
प्रयागराज में काशी क्षेत्र की बैठक
इसके बाद 21 और 22 सितंबर को प्रयागराज में काशी क्षेत्र की बैठक होगी। तावड़े क्षेत्रीय पदाधिकारियों के अलावा जिलाध्यक्षों और प्रभारियों के साथ भी चर्चा करेंगे। करीब 15 जिलों के दौरे के दौरान संगठन की तैयारियों, चुनावी समीकरणों और विधानसभा स्तर पर पार्टी की स्थिति का फीडबैक लिए जाने की जानकारी सामने आई है।
मजबूत और कमजोर पक्ष पर फीडबैक
बैठकों में विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में पार्टी के मजबूत और कमजोर पक्ष की जानकारी जुटाई जाएगी। मौजूदा विधायकों के कामकाज, संभावित प्रत्याशियों और स्थानीय स्तर पर संगठन की स्थिति पर भी चर्चा होगी। इस फीडबैक के आधार पर आगे की रणनीति और चुनावी रोडमैप तैयार किया जाएगा।
संगठन मजबूत करने पर जोर
दौरे के दौरान तावड़े का जोर निचले स्तर तक संगठन को एक्टिव करने पर रहेगा। क्षेत्र से लेकर जिला स्तर के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठकों के जरिए चुनावी तैयारियों की समीक्षा की जाएगी। भाजपा की हालिया बैठकों में भी संगठन और सरकार के बीच बेहतर तालमेल और जमीनी स्तर पर पार्टी की गतिविधियां बढ़ाने पर चर्चा हुई है।
बीएल संतोष भी लखनऊ पहुंचे
भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष भी लखनऊ पहुंचे हैं। हाल में उन्होंने यूपी में पार्टी की चुनावी तैयारियों को लेकर पदाधिकारियों के साथ बैठकें की हैं। पार्टी की कोर कमेटी की बैठक में बीएल संतोष, विनोद तावड़े, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत वरिष्ठ नेताओं ने 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों और संगठनात्मक अभियानों पर चर्चा की थी।
Read More:
दिल्ली-NCR में नवंबर-दिसंबर में नहीं होंगी शारीरिक खेल गतिविधियां, CAQM ने जारी की एडवाइजरी


[…] मिशन-2027 की तैयारी में BJP ने बढ़ाई रफ्तार,… […]