Varanasi Air Show: काशी में ‘विंग्स ऑफ गंगेज’ थीम पर चल रहे भव्य एयर शो का समापन 25 अक्टूबर को होगा। इस खास मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे और नमो घाट से वायुसेना के रोमांचक प्रदर्शन को देखेंगे। उनके साथ रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत कई वरिष्ठ नेता और गणमान्य अतिथि मौजूद रहेंगे।
दोपहर 12:45 बजे वाराणसी पहुंचेंगे PM मोदी
जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारियों के अनुसार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को दोपहर 12:45 बजे पुलिस लाइन स्थित हेलिपैड पहुंचेंगे। इसके बाद वह सड़क मार्ग से नमो घाट जाएंगे। प्रधानमंत्री के काफिले के गुजरने के दौरान संबंधित सड़क पर यातायात पूरी तरह रोक दिया जाएगा। उनके स्वागत के लिए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत कई बड़े नेता नमो घाट पर मौजूद रहेंगे। सुरक्षा और वीआईपी मूवमेंट को देखते हुए शहर के अन्य मार्गों में भी यातायात संबंधी बदलाव किए गए हैं।
राजनाथ सिंह आज शाम पहुंचेंगे काशी
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह शनिवार शाम ही वाराणसी पहुंच जाएंगे। एयरपोर्ट से वह सीधे नमो घाट जाएंगे और एयर शो में शामिल होंगे। इसके बाद उनका मिर्जापुर जाने का कार्यक्रम है, जहां वह मां विंध्यवासिनी के दर्शन और पूजन करेंगे।
SPG और बम निरोधक दस्ते ने संभाली सुरक्षा
प्रधानमंत्री के दौरे को देखते हुए वाराणसी में सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी कर दी गई है। एसपीजी और बम निरोधक दस्ते ने नमो घाट स्थित कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया है। भारतीय वायुसेना के हेलीकॉप्टरों ने लैंडिंग का रिहर्सल भी किया। सुरक्षा के मद्देनजर नदी में नावों के संचालन पर भी रोक लगाई गई है।
कई बड़े नेता और मंत्री होंगे शामिल
एयर शो में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के भी शामिल होने की संभावना है। इसके अलावा रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, वित्त मंत्री सुरेश खन्ना, होमगार्ड एवं नागरिक सुरक्षा मंत्री धर्मवीर प्रजापति और अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री जमा खान कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे। एयर शो के लिए शुक्रवार तक तैयारियां पूरी कर ली गई थीं।
32 स्कूलों के 3150 बच्चे देखेंगे एयर शो
एयर शो में स्कूली बच्चों को भी वायुसेना का प्रदर्शन देखने का अवसर मिलेगा। जिले के 32 विद्यालयों के 3150 बच्चे नमो घाट से एयर शो देखेंगे। इन विद्यार्थियों का चयन पिछले 15 दिनों में किया गया है। शनिवार को कार्यक्रम देखने वाले बच्चे कक्षा 8 से 12 तक के हैं। इनमें सबसे ज्यादा विद्यार्थी सीबीएसई बोर्ड के विद्यालयों से हैं।
बच्चों के लिए बसों की व्यवस्था
बच्चों को उनके विद्यालयों से नमो घाट तक लाने और कार्यक्रम के बाद वापस ले जाने के लिए बसों की व्यवस्था की गई है। इस पूरी व्यवस्था की जिम्मेदारी जिला विद्यालय निरीक्षक भोलेंद्र सिंह को दी गई है। बच्चों की मौजूदगी को देखते हुए घाट पर सुरक्षा के विशेष इंतजाम भी किए जाएंगे।
सुबह 11:40 बजे शुरू होगा वायुसेना का प्रदर्शन
वायुसेना की ओर से एयर शो की शुरुआत सुबह 11:40 बजे की जाएगी। प्रदर्शन के दौरान लड़ाकू विमान और हेलीकॉप्टर अलग-अलग फॉर्मेशन में रोमांचक करतब दिखाएंगे। काशी से लेकर दशाश्व फॉर्मेशन तक होने वाले इस हवाई प्रदर्शन को नमो घाट से देखने के लिए मुख्य कार्यक्रम स्थल तैयार किया गया है।
Read More:
राजकोट में बड़ा फर्जीवाड़ा, 10वीं-12वीं पास चला रहे थे क्लिनिक, SOG ने 17 फर्जी डॉक्टरों को दबोचा


[…] […]