उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद की पार्टी आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) ने बड़ा ऐलान किया है। राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि वह आगामी विधानसभा चुनाव किसी भी बड़े दल के साथ गठबंधन किए बिना अपने दम पर लड़ेगी। इसके साथ ही उम्मीदवारों के चयन की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
आगामी 16 जून तक होंगे टिकट दावेदारों के इंटरव्यू
पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद 13 जून से 18 जून तक लखनऊ में प्रवास करेंगे। इस दौरान विधानसभा चुनाव लड़ने के इच्छुक दावेदारों का व्यक्तिगत इंटरव्यू लिया जाएगा। पार्टी ने साफ किया है कि इंटरव्यू सिर्फ औपचारिक प्रक्रिया नहीं होगी, बल्कि उम्मीदवारों को पार्टी की तय कसौटियों पर खरा उतरना होगा। प्रदेश अध्यक्ष सुनील कुमार चितौड़ के मुताबिक, इंटरव्यू प्रक्रिया में संबंधित जोन प्रभारी, मंडल प्रभारी, भाईचारा कमेटी के प्रभारी और जिलाध्यक्ष भी मौजूद रहेंगे और दावेदारों पर अपनी रिपोर्ट देंगे।
मंडलवार में होगा इंटरव्यू
बता दें कि 13 से 16 जून तक मंडलवार इंटरव्यू का कार्यक्रम तय किया है। पहले दिन सहारनपुर, मेरठ और मुरादाबाद मंडल, दूसरे दिन बरेली, आगरा, अलीगढ़, कानपुर, चित्रकूट और झांसी मंडल के दावेदारों का इंटरव्यू होगा। वहीं 15 जून को लखनऊ, अयोध्या, देवीपाटन, गोरखपुर, बस्ती और आजमगढ़ मंडल, जबकि 16 जून को वाराणसी, मिर्जापुर और प्रयागराज मंडल के दावेदारों से बातचीत की जाएगी।
शिक्षा और रोजगार होंगे मुख्य मुद्दे
आजाद समाज पार्टी ने संकेत दिया है कि विधानसभा चुनाव में शिक्षा, रोजगार, शराबबंदी और न्यूनतम मजदूरी बढ़ाने जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा। पार्टी ने वादा किया है कि सत्ता में आने पर रोजगार सृजन को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी।
Read More
38 की उम्र में ‘नागिन’ सुरभि ज्योति बनीं मां, खास अंदाज में शेयर की गुड न्यूज

