HomeBreaking Newsहिमाचल में दिवाली की रात खूनी झड़प, थार से कुचलकर पति-पत्नी की...

हिमाचल में दिवाली की रात खूनी झड़प, थार से कुचलकर पति-पत्नी की मौत, पटाखों को लेकर भिड़े दो परिवार

Una Double Murder: हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले के बदोली गांव में दिवाली की रात पटाखे चलाने को लेकर दो परिवारों के बीच हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। इस घटना में पति-पत्नी की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग घायल हुए हैं। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर मारपीट और जानलेवा हमला करने के आरोप लगाए हैं। पुलिस ने दोनों की शिकायतों पर क्रॉस केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, घटना के बाद गांव में तनाव को देखते हुए सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

पटाखे चलाने को लेकर शुरू हुआ विवाद

यह घटना ऊना जिला मुख्यालय से करीब 10 किलोमीटर दूर बदोली गांव की है। जानकारी के अनुसार, 8 नवंबर की रात एक परिवार अपने घर के आंगन में पटाखे जला रहा था। इसी दौरान पड़ोसियों ने इसका विरोध किया। बताया जा रहा है कि दोनों परिवारों के बीच पहले से भी रंजिश चल रही थी। पटाखे चलाने को लेकर शुरू हुई कहासुनी जल्द ही मारपीट में बदल गई। आरोप है कि इसी दौरान एक पक्ष ने थार गाड़ी से दूसरे परिवार के सदस्यों को टक्कर मार दी।

केशव ठाकुर ने शिकायत में लगाए ये आरोप

पुलिस को दी शिकायत में बदोली निवासी केशव ठाकुर ने बताया कि दिवाली की रात वह अपने परिवार के साथ घर के आंगन में पटाखे चला रहा था। इसी दौरान पुरानी रंजिश को लेकर पड़ोसी परमजीत, फतेह सिंह, अनु, तेजस्वीर सिंह और ओंकार सिंह के साथ कहासुनी हो गई। केशव का आरोप है कि परमजीत ने उसके सिर पर दराट से हमला किया, जबकि ओंकार सिंह ने उसके पिता जरनैल सिंह के साथ दराट से मारपीट की। शिकायत में आगे आरोप लगाया गया कि इसके बाद जरनैल सिंह ने थार गाड़ी से ओंकार सिंह, उनकी पत्नी वीना और सुषमा देवी को टक्कर मार दी।

दूसरे पक्ष ने भी लगाया जान से मारने की कोशिश का आरोप

वहीं, दूसरे पक्ष के अजमेर सिंह निवासी बदोली ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि रात करीब 9:30 बजे जरनैल सिंह उर्फ जैला अपने बेटे केशव के साथ थार गाड़ी में उनके घर के गेट के बाहर पहुंचे थे। आरोप है कि उन्होंने जान से मारने की नीयत से तेज रफ्तार में गाड़ी परिवार के सदस्यों पर चढ़ा दी। इस घटना में अजमेर सिंह, उनकी पत्नी सुषमा, बेटा ओंकार सिंह और बहू वीना देवी घायल हो गए। सभी को उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने ओंकार सिंह और वीना देवी को मृत घोषित कर दिया।

अस्पताल में हुआ हंगामा

घटना के बाद घायलों को उपचार के लिए ऊना अस्पताल पहुंचाया गया। यहां देर रात काफी हंगामा हुआ, जिसके बाद अतिरिक्त पुलिस बल बुलाना पड़ा। बताया जा रहा है कि घटना के बाद एक आरोपी के साथ भी मारपीट हुई थी। उसे भी उपचार के लिए ऊना अस्पताल लाया गया, जहां से हालत को देखते हुए पीजीआई रेफर कर दिया गया। फिलहाल दोनों मृतकों के शव अस्पताल की मोर्चरी में रखे गए हैं। सोमवार को उनका पोस्टमार्टम कराया जाएगा।

गांव में बढ़ाई गई सुरक्षा

ऊना के एसपी सचिन हीरेमठ ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि बदोली में दो पक्षों के बीच मारपीट की घटना में दो लोगों की मौत हुई है। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर क्रॉस अभियोग दर्ज कर लिया है और मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

घटना के बाद सोमवार सुबह पुलिस ने बदोली गांव और आसपास के इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी। गांव की ओर जाने वाले रास्ते पर घटनास्थल से करीब एक किलोमीटर पहले नाकेबंदी की गई और वाहनों की आवाजाही रोकी गई। यह गांव अंब-ऊना राष्ट्रीय राजमार्ग से करीब पांच किलोमीटर अंदर स्थित है। बताया जा रहा है कि दोनों परिवारों के बीच पहले से रंजिश थी। आरोपी पक्ष से जुड़े व्यक्ति के कार बाजार चलाने की भी जानकारी सामने आई है।

Read More:

Vicky-Katrina ने पहली बार दिखाई बेटे विहान की झलक, दिवाली पर कुर्ता-पायजामा में छाए नन्हे राजकुमार, तस्वीर देख दिल हार बैठेंगे आप

Yogita Tyagi
Yogita Tyagihttps://mhone.in/
योगिता त्यागी एक अनुभवी डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें राजनीति, मनोरंजन, धर्म और लाइफस्टाइल विषयों में विशेष रुचि है। वर्तमान में वह Mhone News के राजनीतिक, धर्म और मनोरंजन सेक्शन के लिए सक्रिय रूप से लेखन कर रही हैं। डिजिटल मीडिया में तीन वर्षों से अधिक के अनुभव के साथ, उन्होंने अपने करियर में कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों- जैसे दैनिक भास्कर, पंजाब केसरी, इंडिया डेली लाइव और ITV नेटवर्क में योगदान दिया है। योगिता ने गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय (GGSIPU) से मास कम्युनिकेशन और जर्नलिज्म में स्नातक की डिग्री प्राप्त की है, जिसने उनके डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में गहन, प्रभावशाली और विश्वसनीय लेखन की मजबूत नींव रखी है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments