HomeBreaking Newsदिवाली की खुशियों पर छाया मातम का पहरा, कटनी में भीषण अग्निकांड, 2...

दिवाली की खुशियों पर छाया मातम का पहरा, कटनी में भीषण अग्निकांड, 2 महीने के मासूम समेत परिवार के 6 लोगों की मौत

मध्य प्रदेश के कटनी(Katni) जिले में दिवाली की रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। बरही इलाके में स्थित तीन मंजिला मकान में अचानक आग लगने से एक ही परिवार के छह लोगों की जान चली गई। मृतकों में दो महीने का मासूम बच्चा भी शामिल है। आग इतनी तेजी से फैली कि घर में मौजूद लोगों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है। वहीं, स्थानीय लोगों में प्रशासन और दमकल विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर नाराजगी भी देखने को मिल रही है।

जानकारी के मुताबिक, हादसे में 77 वर्षीय पूरन अग्रवाल, उनकी पत्नी, बहू और परिवार के अन्य सदस्यों की मौत हुई है। मृतकों में दो बुजुर्ग, एक महिला और तीन छोटे बच्चे शामिल हैं। इनमें सबसे छोटा बच्चा महज दो महीने का था। बताया जा रहा है कि आग लगने के बाद बचाव अभियान चलाया गया, लेकिन आग की भयावहता के कारण लोगों को बचाना मुश्किल हो गया। घर से शवों को बाहर निकालने में करीब पांच से छह घंटे का समय लगा। इस घटना में परिवार के दो अन्य सदस्य बच गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

तीन मंजिला मकान में चलती थी क्रॉकरी की दुकान

विजयराघवगढ़ के एसडीओपी वीरेंद्र धुर्वे के मुताबिक, यह घटना बरही थाने के वार्ड नंबर 11 में हुई। पूरन अग्रवाल के तीन मंजिला मकान के निचले हिस्से में क्रॉकरी की दुकान थी, जबकि ऊपर की दो मंजिलों पर परिवार रहता था। सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात करीब 12 से 12:30 बजे के बीच मकान में आग लग गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस, प्रशासन और दमकल की टीम मौके पर पहुंची और काफी प्रयासों के बाद आग पर काबू पाया। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट या जलता हुआ दीपक हो सकता है।

हालांकि, अधिकारियों ने अभी किसी कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। मामले की जांच जारी है। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने बचाव कार्य में देरी और दमकल व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। लोगों की मांग है कि घटना की निष्पक्ष जांच हो और यदि किसी स्तर पर लापरवाही सामने आती है तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। फिलहाल पुलिस और प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटे हैं।

यह भी पढ़ें : उत्तराखंड स्थापना दिवस पर शहीदों को CM धामी का नमन, PM मोदी ने दिया बड़ा संदेश…

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments