मध्य प्रदेश के उज्जैन स्थित गंगाघाट श्री मौनतीर्थ पीठ के पीठाधीश्वर और निरंजनी अखाड़े के महामंडलेश्वर डॉ. सुमनानंद गिरि महाराज को एक बार फिर जान से मारने की धमकी मिली है। आश्रम में पहुंचे एक पत्र में उन्हें गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी गई है। फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
स्पीड पोस्ट से भेजा गया था पत्र
आश्रम प्रबंधन के अनुसार, मंगलवार को एक हाथ से लिखा पत्र खोला गया। इसमें आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल करते हुए महामंडलेश्वर को धमकी दी गई है। पत्र में कुछ चर्चित घटनाओं का करते हुए उन्हें निशाना बनाने की बात कही गई है। यह पत्र 12 जून को स्पीड पोस्ट के माध्यम से भेजा गया था। भेजने वाले के पते के रूप में उत्तर प्रदेश के मऊ जिले का एक पता लिखा गया है, जिसकी सत्यता की जांच की जा रही है।

पहले भी मिल चुके हैं धमकी भरे पत्र
डॉ. सुमनानंद गिरि का कहना है कि यह पहली बार नहीं है, जब उन्हें इस तरह की धमकी मिली हो। उनके मुताबिक, वर्ष 2023 में दो बार और 2025 में भी धमकी भरे पत्र मिल चुके हैं। मौजूदा घटना पिछले कुछ वर्षों में मिली पांचवीं धमकी बताई जा रही है। महामंडलेश्वर डॉ. सुमनानंद गिरि विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों और घर-वापसी अभियानों को लेकर चर्चा में रहे हैं। वर्ष 2024 में उनके आश्रम में एक मुस्लिम महिला और हिंदू युवक का विवाह कराया गया था। वहीं, मई 2026 में एक युवक द्वारा सनातन धर्म अपनाने की खबर भी सुर्खियों में रही थी।
सुरक्षा बढ़ाने की मांग
लगातार मिल रही धमकियों के बाद महामंडलेश्वर डॉ. सुमनानंद गिरि ने आश्रम और अपनी सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। उन्होंने प्रशासन से दोषियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार करने की अपील की है।
Read More
निकाह की दावत के लिए 40 भगौनों में पक रहा था गोमांस, फिर पुलिस के सामने ऐसे खुली पोल

