बांग्लादेश में ईद-उल-अजहा की छुट्टियों के बीच सोमवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। जमुना पुल के पूर्वी हिस्से के पास लोहे की छड़ों से लदा एक ट्रक पलट गया, जिसमें 15 लोगों की मौत हो गई जबकि 10 अन्य घायल हो गए। हादसा उस वक्त हुआ जब बड़ी संख्या में लोग ईद मनाने के लिए अपने गांवों की ओर लौट रहे थे।
ट्रक में सवार थे यात्री
स्थानीय पुलिस के मुताबिक ट्रक में लोहे की छड़ों के साथ कई यात्री भी बैठे हुए थे। चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया, जिसके बाद ट्रक तांगइल जिले के कलिहाटी उप-जिले में पलट गया। हादसा इतना भीषण था कि कई लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। तांगइल की अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक फौजिया हबीब खान ने बताया कि ट्रक दक्षिण-पूर्वी बंदरगाह शहर चट्टोग्राम से उत्तर-पश्चिमी क्षेत्र की ओर जा रहा था। शुरुआती जांच में माना जा रहा है कि ईद की भीड़ के कारण कई लोग रास्ते में ट्रक पर सवार हो गए थे।
घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया
स्थानीय अग्निशमन केंद्र के प्रभारी अताउर रहमान ने बताया कि हादसे के बाद आसपास के लोगों और राहत टीमों की मदद से घायलों को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्रों में भर्ती कराया गया। कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। बांग्लादेश में सोमवार से ईद-उल-अजहा की 10 दिनों की छुट्टियां शुरू हुई हैं। ऐसे में बसों, ट्रेनों और नौकाओं में भारी भीड़ देखने को मिल रही है। टिकट न मिलने और कम खर्च के कारण गरीब लोग अक्सर ट्रकों जैसे मालवाहक वाहनों में सफर करने को मजबूर हो जाते हैं।
Read More

