जम्मू-कश्मीर के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल गुलमर्ग में सोमवार को अफरा-तफरी मच गई जब गुलमर्ग गोंडोला की केबल कार सेवा अचानक तकनीकी खराबी के कारण बीच रास्ते में रुक गई। इस घटना में करीब 300 पर्यटक अलग-अलग केबिनों में हवा में ही फंस गए।
बीच रास्ते में रुक गई केबल कार
जानकारी के अनुसार गोंडोला सेवा सामान्य रूप से चल रही थी, तभी अचानक तकनीकी गड़बड़ी आ गई। इसके बाद कई केबिन हवा में ही रुक गए और पर्यटक बीच रास्ते में फंस गए। घटना के बाद पर्यटकों में दहशत का माहौल बन गया।
मौके पर पहुंचीं राहत और बचाव टीमें
घटना की सूचना मिलते ही राहत बचाव और स्थानीय प्रशासन की टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गईं। बचाव अभियान तेजी से शुरू किया गया और तकनीकी विशेषज्ञों को भी बुलाया गया। अधिकारियों ने बताया कि सभी फंसे हुए यात्रियों को सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास लगातार जारी हैं। फिलहाल किसी के घायल होने या हताहत होने की सूचना नहीं है।
प्रशासन ने कहा- सभी पर्यटक सुरक्षित
स्थानीय प्रशासन का कहना है कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। तकनीकी टीम खराबी को दूर करने में जुटी हुई है। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि सभी पर्यटक सुरक्षित हैं और जल्द ही उन्हें सुरक्षित बाहर निकाल लिया जाएगा। गुलमर्ग गोंडोला एशिया की सबसे ऊंची और लोकप्रिय केबल कार सेवाओं में से एक मानी जाती है, जहां हर साल बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचते हैं।
Read More
बढ़ती कीमतों पर CTI की सरकार से ब्रेक की मांग, की पेट्रोल-डीजल 10-15 रुपये तक सस्ता करने की अपील

