मध्य प्रदेश के पन्ना जिले में मंगलवार को कुएं की खुदाई के दौरान बड़ा हादसा हो गया। अजयगढ़ जनपद क्षेत्र के ग्राम बीहरपुरवा के नयापुरवा में खेत पर निर्माणाधीन कुएं की मिट्टी धंसने से पांच लोगों की मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है।
खुदाई के दौरान अचानक धंसी मिट्टी
जानकारी के मुताबिक बिन्नू अहिरवार के खेत में पिछले करीब 10 दिनों से सात लोग कुएं की खुदाई कर रहे थे। मंगलवार सुबह करीब 11 बजे काम के दौरान अचानक कुएं की मिट्टी भरभराकर धंस गई। बताया जा रहा है कि हादसे से ठीक पहले दो मजदूर पानी पीने के लिए ऊपर आए थे, जबकि बाकी मजदूर अंदर काम कर रहे थे, तभी मिट्टी धंसने से अंदर मौजूद मजदूर मलबे में दब गए।
पांच मजदूरों की मौत
इस दर्दनाक हादसे में कुल पांच लोगों की मौत हुई है। दो मजदूर किसी तरह सुरक्षित बाहर निकल आए। पन्ना जिले के जनसंपर्क अधिकारी ने एक्स पर जानकारी देते हुए बताया कि ग्राम पंचायत द्वारा निर्माणाधीन कुएं में मिट्टी धंसने की इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना में पांच लोगों की जान गई है। सभी शवों को बाहर निकाल लिया गया है।
मौके पर पहुंचे राहत-बचाव दल
इस घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, राजस्व विभाग और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों की मदद से कई घंटों तक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। स्थानीय लोगों के अनुसार जिस जगह खुदाई हो रही थी वहां की मिट्टी काफी भुरभुरी और कमजोर थी। ऐसे में गहरी खुदाई पहले से ही जोखिम भरी मानी जा रही थी।
Read More
पठानकोट पुलिस की बड़ी कार्रवाई, ISI को जानकारी देने वाले 3 आरोपी गिरफ्तार

