कोलकाता के नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर बुधवार सुबह हाईजैक की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। मुंबई जाने वाली एअर इंडिया की एक फ्लाइट के शौचालय के शीशे पर धमकी भरा संदेश लिखा मिला। घटना के बाद विमान की उड़ान रोक दी गई और सुरक्षा एजेंसियों ने जांच शुरू कर दी। जानकारी के मुताबिक, विमान उड़ान भरने की तैयारी में था। इसी दौरान शौचालय के शीशे पर लिखे संदेश की जानकारी मिली। इसके बाद पायलट ने तुरंत एअर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को अलर्ट किया।
आइसोलेशन बे में ले गए विमान
सूचना मिलते ही एयरपोर्ट प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गईं। एहतियात के तौर पर विमान को आइसोलेशन बे में ले जाया गया, ताकि उसकी पूरी तरह जांच की जा सके। केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) और एयरपोर्ट के विशेष सुरक्षा अधिकारियों ने विमान में तलाशी अभियान शुरू किया। सुरक्षा कर्मी विमान के अंदर हर हिस्से की बारीकी से जांच कर रहे हैं, ताकि किसी संदिग्ध वस्तु का पता लगाया जा सके।
शौचालय के शीशे पर किसने लिखा धमकी भरा संदेश?
जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि धमकी भरा संदेश किसने लिखा और इसके पीछे किसका हाथ है। पुलिस और सुरक्षा अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है। इसके लिए विमान में सवार यात्रियों की सूची की जांच की जा रही है। साथ ही एयरपोर्ट परिसर और विमान के अंदर लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि संदेश लिखने वाले व्यक्ति की पहचान हो सके।
सुरक्षा एजेंसियां हर पहलू से कर रहीं जांच
हाईजैक की धमकी मिलने के बाद विमान और एयरपोर्ट परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता बढ़ा दी गई है। CISF की टीम विमान की तलाशी में जुटी है, जबकि पुलिस और अन्य एजेंसियां संदेश के स्रोत का पता लगाने की कोशिश कर रही हैं। फिलहाल जांच एजेंसियों की ओर से किसी संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु के मिलने की पुष्टि नहीं की गई है। मामले में आगे की जानकारी तलाशी और जांच पूरी होने के बाद सामने आने की उम्मीद है।
Read More

