जम्मू-कश्मीर में रेल यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। जम्मू-श्रीनगर के बीच तीसरी वंदे भारत एक्सप्रेस चलाने की तैयारी पूरी हो गई है। केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने सोशल मीडिया के जरिए इसकी जानकारी दी। नई ट्रेन में उधमपुर को स्टॉपेज दिया जाएगा। इससे उधमपुर के यात्रियों को जम्मू और श्रीनगर के बीच तेज रेल कनेक्टिविटी का सीधा लाभ मिलेगा।
उधमपुर को मिलेगा नया वंदे भारत स्टॉपेज
केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने बताया कि स्थानीय लोगों की लंबे समय से चली आ रही मांग और उनकी ओर से किए गए अनुरोध के बाद रेल मंत्रालय ने जम्मू-श्रीनगर के बीच प्रस्तावित तीसरी वंदे भारत एक्सप्रेस में उधमपुर को पड़ाव बनाने पर सहमति जताई है। उन्होंने इसे उधमपुर के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। नई ट्रेन का उद्देश्य जम्मू और श्रीनगर के बीच यात्रियों की बढ़ती मांग को पूरा करना और रेल कनेक्टिविटी को और मजबूत करना है।
चिनाब ब्रिज से होकर गुजरेगी ट्रेन
रेल मंत्रालय की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार नई वंदे भारत एक्सप्रेस के ट्रेन नंबर 26407/26408 होंगे। यह ट्रेन जम्मू-कश्मीर के चर्चित चिनाब ब्रिज से होकर गुजरेगी। चिनाब ब्रिज दुनिया का सबसे ऊंचा रेलवे आर्च ब्रिज है और इसकी ऊंचाई पेरिस के एफिल टॉवर से भी अधिक है। ऐसे में इस रूट पर सफर करने वाले यात्रियों के लिए यह यात्रा अनुभव भी खास रहने वाला है।
अभी दो वंदे भारत ट्रेनें कर रही हैं संचालन
जम्मू-कश्मीर में मौजूदा दो वंदे भारत ट्रेनों की शुरुआत 6 जून 2025 को हुई थी। शुरुआत में ये ट्रेनें श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा और श्रीनगर के बीच संचालित की गई थीं। बाद में 30 अप्रैल 2026 से दोनों ट्रेनों का संचालन जम्मू-तवी रेलवे स्टेशन तक बढ़ा दिया गया। इसके बाद जम्मू और श्रीनगर के बीच सीधी वंदे भारत कनेक्टिविटी उपलब्ध हो गई।
Read More

