थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक में सोमवार (13 जुलाई) की सुबह एक दर्दनाक हादसा सामने आया। शहर के उत्तरी इलाके में स्थित एक लोकप्रिय पब में भीषण आग लगने से कम से कम 27 लोगों की मौत हो गई, जबकि 60 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तुरंत आसपास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां कई लोगों की हालत अब भी नाजुक बनी हुई है। हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में राहत एवं बचाव दल मौके पर पहुंच गए।
आग शहर के उत्तरी हिस्से में स्थित ‘रॉन्ग बीयर ना लात फ्राव’ (Rong Beer Na Lat Phrao) नामक पब में लगी। देखते ही देखते आग ने पूरी इमारत को अपनी चपेट में ले लिया। घना धुआं फैलने से अंदर मौजूद लोगों में भगदड़ मच गई और कई लोग सुरक्षित बाहर निकलने में असफल रहे। दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
PM ने किया घटनास्थल और अस्पताल का दौरा
हादसे की जानकारी मिलने के बाद थाईलैंड के प्रधानमंत्री अनुतिन चार्नविराकुल घटनास्थल पहुंचे और राहत कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने अस्पताल जाकर घायलों से भी मुलाकात की। प्रधानमंत्री ने बताया कि आग लगने के बाद पब में तेजी से धुआं भर गया, जिसके कारण कई लोग जान बचाने के लिए पब के पिछले हिस्से और बाथरूम की ओर भागे, लेकिन वे बाहर नहीं निकल सके। प्रशासन ने अब तक 27 शव बरामद किए हैं।
घायलों की हालत बनी हुई है गंभीर
बैंकॉक मेट्रोपॉलिटन एडमिनिस्ट्रेशन के अधिकारियों के अनुसार, हादसे में घायल हुए 60 से अधिक लोगों का विभिन्न अस्पतालों में इलाज चल रहा है। बैंकॉक के गवर्नर ने बताया कि इनमें कई लोगों की स्थिति बेहद गंभीर है। डॉक्टर लगातार उनकी निगरानी कर रहे हैं और बेहतर इलाज उपलब्ध कराने की कोशिश की जा रही है। जबकि आग लगने की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस, फॉरेंसिक विशेषज्ञ और संबंधित एजेंसियां घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर जांच कर रही हैं। शुरुआती तौर पर सभी संभावित कारणों की जांच की जा रही है। प्रशासन ने कहा है कि जांच पूरी होने के बाद ही हादसे की असली वजह सामने आएगी।
थाईलैंड में सार्वजनिक स्थानों पर आग लगने की घटनाएं पहले भी सामने आ चुकी हैं। वर्ष 2022 में भी एक भीषण आग की घटना में 14 लोगों की मौत हुई थी। इस ताजा हादसे के बाद एक बार फिर सार्वजनिक स्थलों पर अग्नि सुरक्षा व्यवस्था और आपातकालीन निकासी प्रबंधन को लेकर गंभीर सवाल उठने लगे हैं।
Read More रूस और यूक्रेन के बीच रातभर हुए ड्रोन और मिसाइल हमलों में 9 लोगों की मौत

