Tamil Nadu Government Formation: तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद राज्य की राजनीति में तेज हलचल देखने को मिल रही है। तमिलगा वेत्री कड़गम (TVK) के प्रमुख थलापति विजय गुरुवार को दूसरी बार राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर से मिलने लोकभवन पहुंचे। माना जा रहा है कि विजय ने राज्यपाल के सामने सरकार बनाने का दावा पेश करने और शपथ ग्रहण की अनुमति मांगने की तैयारी की है। साथ ही उन्होंने विधानसभा में फ्लोर टेस्ट के जरिए बहुमत साबित करने का मौका देने का आग्रह भी किया है।
पहले भी सौंप चुके हैं समर्थन पत्र
विजय ने बुधवार को भी राज्यपाल से मुलाकात की थी। उस दौरान उन्होंने 112 विधायकों के समर्थन का पत्र सौंपा था। हालांकि, राज्यपाल ने बहुमत के लिए जरूरी 118 विधायकों का समर्थन दिखाने के बाद दोबारा आने को कहा था। इसके बाद से TVK लगातार अन्य दलों और निर्दलीय विधायकों से संपर्क में है।
बहुमत के आंकड़े से अभी दूर TVK
234 सदस्यीय तमिलनाडु विधानसभा में TVK सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है और उसने 108 सीटें जीती हैं। कांग्रेस ने अपने 5 विधायकों का समर्थन दिया है, जिससे संख्या 113 तक पहुंची। लेकिन विजय के दो सीटों पेरम्बूर और पूर्व त्रिची से जीतने के कारण प्रभावी संख्या 112 मानी जा रही है। ऐसे में सरकार बनाने के लिए TVK को अभी कम से कम 6 और विधायकों के समर्थन की जरूरत है।
सहयोगियों से समर्थन जुटाने की कोशिश
TVK ने विदुथलाई चिरुथिगल काची (VCK) और वामपंथी दलों से भी समर्थन मांगा है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, गुरुवार और शुक्रवार को इन दलों की बैठकें प्रस्तावित हैं, जिनमें समर्थन पर फैसला लिया जा सकता है। विजय लगातार सहयोगी दलों से संपर्क बनाए हुए हैं ताकि बहुमत का आंकड़ा जल्द पूरा किया जा सके।
CPI ने राज्यपाल से की अपील
भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (CPI) ने भी इस राजनीतिक घटनाक्रम के बीच राज्यपाल से संवैधानिक परंपराओं का पालन करने की मांग की है। पार्टी ने सुप्रीम कोर्ट के फैसलों का हवाला देते हुए कहा कि सबसे बड़ी पार्टी को सदन में बहुमत साबित करने का अवसर मिलना चाहिए। CPI ने राज्यपाल से TVK को फ्लोर टेस्ट की अनुमति देने की अपील की है।
AIADMK की तैयारियां भी हुईं तेज
विजय की राज्यपाल से मुलाकात के बीच AIADMK ने भी तेजी से राजनीतिक गतिविधियां बढ़ा दी हैं। पार्टी महासचिव एडप्पाडी के. पलानीस्वामी ने राज्यपाल से मिलने का समय मांगा है। AIADMK ने TVK को गठबंधन पर फैसला लेने के लिए दोपहर 1 बजे तक का समय भी दिया है।
रिसॉर्ट में रुके AIADMK के विधायक
राज्य में राजनीतिक अनिश्चितता के बीच AIADMK के कई विधायकों को पुडुचेरी के एक रिसॉर्ट में ठहराया गया है। इससे तमिलनाडु में ‘रिसॉर्ट राजनीति’ की चर्चा तेज हो गई है। इसी दौरान DMK और AIADMK के संभावित गठबंधन की अटकलों ने भी राजनीतिक माहौल को और गर्म कर दिया है। हालांकि दोनों दल लंबे समय से एक-दूसरे के कट्टर विरोधी माने जाते रहे हैं।
तमिलनाडु में सरकार गठन पर सबकी नजर
तमिलनाडु में अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या थलापति विजय जरूरी समर्थन जुटाकर सरकार बना पाएंगे या फिर विपक्षी दल कोई नया राजनीतिक समीकरण तैयार करेंगे। राज्यपाल का अगला कदम राज्य की राजनीति की दिशा तय कर सकता है।
Thalapathy Vijay arrives at Lok Bhavan to meet Tamil Nadu Governor
Fingers crossed 🤞 @actorvijay pic.twitter.com/lFOVnpC1hl
— Let's X OTT GLOBAL (@LetsXOtt) May 7, 2026
Read More:

