भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) में चयन समिति के अध्यक्ष पद को लेकर हलचल तेज हो गई है। मौजूदा चीफ सेलेक्टर अजीत अगरकर का कार्यकाल आगे बढ़ाने पर अगर सहमति नहीं बनती है, तो पूर्व भारतीय विकेटकीपर-बल्लेबाज पार्थिव पटेल को नया चीफ सेलेक्टर बनाया जा सकता है। एक रिपोर्ट के अनुसार, पिछले छह महीनों से बीसीसीआई के भीतर पार्थिव के नाम पर एक संभावित और गंभीर दावेदार के रूप में मंथन चल रहा है।
अजीत अगरकर का एक्सटेंशन अभी खारिज नहीं
हालांकि बीसीसीआई ने अजीत अगरकर को एक्सटेंशन देने की संभावना को पूरी तरह खारिज नहीं किया है। फिर भी, सूत्रों के मुताबिक पार्थिव के नाम पर विचार काफी आगे बढ़ चुका है। हाल ही में अगरकर ने वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे और टी20 सीरीज के साथ-साथ ईरानी कप के लिए रेस्ट ऑफ इंडिया टीम का चयन किया, जिसे उनकी आखिरी चयन बैठक माना जा रहा है। मुंबई में आयोजित वार्षिक आम बैठक (AGM) के बाद बीसीसीआई उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने स्पष्ट किया कि इस विषय पर अंतिम निर्णय लेने का अधिकार बोर्ड के पदाधिकारियों को दिया गया है।
रिव्यू मीटिंग से गैरमौजूदगी ने बढ़ाए सवाल
अगरकर के भविष्य को लेकर अटकलों का बाजार तब और गर्म हो गया जब वे बीसीसीआई की एक बेहद महत्वपूर्ण रिव्यू मीटिंग में शामिल नहीं हुए। इस बैठक में हेड कोच गौतम गंभीर, टेस्ट व वनडे कप्तान शुभमन गिल, टी20 कप्तान श्रेयस अय्यर और सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के प्रमुख वीवीएस लक्ष्मण मौजूद थे। हालांकि बोर्ड सचिव देवजीत सैकिया ने उनके बाहर होने की वजह बताई, लेकिन अंदरूनी सूत्रों का मानना है कि इतनी अहम बैठक में मुख्य चयनकर्ता की अनुपस्थिति सामान्य बात नहीं है।
टेस्ट अनुभव के मामले में सबसे आगे होंगे पार्थिव
41 वर्षीय पार्थिव पटेल ने भारत के लिए 25 टेस्ट, 38 वनडे और 2 टी20 मैच खेले हैं। यदि उन्हें चयन समिति का अध्यक्ष नियुक्त किया जाता है, तो वे मौजूदा पैनल में सबसे अधिक टेस्ट अनुभव वाले सदस्य होंगे। वर्तमान समिति के अन्य सदस्यों में शिवसुंदर दास (23 टेस्ट), प्रज्ञान ओझा (24 टेस्ट), आरपी सिंह (14 टेस्ट) और अजय रात्रा (6 टेस्ट) शामिल हैं।
गुजरात टाइटन्स के कोचिंग सेटअप में हो सकता है बदलाव
पार्थिव पटेल वर्तमान में आईपीएल फ्रेंचाइजी गुजरात टाइटन्स के असिस्टेंट और बैटिंग कोच की भूमिका निभा रहे हैं। यदि बीसीसीआई उन्हें चयन समिति का चेयरमैन चुनता है, तो वे हितों के टकराव के नियमों के तहत आईपीएल कोचिंग छोड़ेंगे और गुजरात टाइटन्स को नया कोचिंग ढांचा तैयार करना पड़ेगा। फिलहाल बीसीसीआई की ओर से आधिकारिक ऐलान का इंतजार किया जा रहा है।
READ MORE: फिलिस्तीन को ‘नो’ और ईरान को ‘हां’! जानिए ट्रंप सरकार ने UN बैठक के लिए क्यों दिया वीजा?

