रिलायंस जियो टेलीकॉम बाजार में अपनी एंट्री के 10 साल पूरे करने जा रहा है। सितंबर 2016 में कमर्शियल लॉन्च के बाद कंपनी ने न सिर्फ मोबाइल डेटा और कॉलिंग के बाजार को बदल दिया, बल्कि पंजाब, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश में भी अपनी मजबूत पकड़ बनाई है। 5 सितंबर को जियो के कमर्शियल लॉन्च के 10 साल पूरे होंगे। TRAI के आंकड़ों के मुताबिक, जियो ने अगस्त 2016 में इन तीनों राज्यों में शून्य मोबाइल ग्राहक आधार से शुरुआत की थी। लॉन्च के पहले ही महीने यानी सितंबर 2016 में कंपनी ने करीब 16.5 लाख ग्राहक जोड़ लिए थे। जून 2026 तक यह संख्या बढ़कर 2.36 करोड़ हो गई। यानी एक दशक में जियो ने इन तीन टेलीकॉम सर्कलों में करीब 2.2 करोड़ नेट मोबाइल ग्राहक जोड़े।
तीनों राज्यों में 32.8 फीसदी मोबाइल बाजार जियो के पास
TRAI की जून 2026 की रिपोर्ट के अनुसार, पंजाब, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश में कुल 7.21 करोड़ मोबाइल कनेक्शन हैं। इनमें जियो की हिस्सेदारी 32.8 फीसदी है। राज्यवार आंकड़ों की बात करें तो पंजाब में जियो के करीब 1.17 करोड़, हरियाणा में 82.7 लाख और हिमाचल प्रदेश में करीब 36 लाख मोबाइल ग्राहक हैं। कंपनी के मुताबिक, इन राज्यों में ग्राहक जोड़ने की उसकी रफ्तार पुराने टेलीकॉम ऑपरेटरों की तुलना में काफी तेज रही है।
मोबाइल के साथ घरों तक पहुंचा Jio
जियो की पहुंच केवल मोबाइल नेटवर्क तक सीमित नहीं रही। कंपनी ने इन राज्यों में होम ब्रॉडबैंड कारोबार का भी विस्तार किया है। पंजाब में 13 लाख से ज्यादा घरों और व्यावसायिक परिसरों, हरियाणा में करीब 6.5 लाख और हिमाचल प्रदेश में 1.8 लाख परिसरों को जियो फाइबर और जियो एयर फाइबर से जोड़ा गया है। कंपनी का दावा है कि इन सेवाओं के जरिए हाई-स्पीड इंटरनेट के साथ होम एंटरटेनमेंट की सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है। इस क्षेत्र के होम ब्रॉडबैंड बाजार में जियो खुद को अग्रणी कंपनी के तौर पर पेश करता है।
सस्ता डेटा बना Jio की सबसे बड़ी ताकत
जियो के बाजार में आने से पहले मोबाइल डेटा आम उपभोक्ता के लिए महंगा था। 2016 में देश में एक सब्सक्राइबर की औसत मासिक डेटा खपत 0.2 GB से भी कम थी। उस समय एक जीबी डेटा की कीमत करीब 228 रुपये बताई जाती है। जियो ने फ्री वॉयस कॉलिंग और कम कीमत वाले डेटा प्लान के साथ बाजार में कदम रखा। इसके बाद टेलीकॉम कंपनियों के बीच प्रतिस्पर्धा तेज हुई और मोबाइल इंटरनेट की कीमतों में बड़ी गिरावट आई। आज एक जीबी डेटा की कीमत करीब 7.9 रुपये रह गई है। यानी 2016 के मुकाबले इसमें करीब 97 फीसदी की कमी आई है। इसी अवधि में देश में 4जी और 5जी सेवाओं का इस्तेमाल करने वाले सक्रिय सब्सक्राइबर भी बढ़कर करीब 93.8 करोड़ हो गए हैं।
Jio नेटवर्क पर हर महीने 42.3 GB डेटा खपत
कंपनी के आंकड़ों के मुताबिक, जियो के नेटवर्क पर एक औसत ग्राहक अब हर महीने करीब 42.3 जीबी डेटा इस्तेमाल करता है। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि पिछले एक दशक में भारतीयों की इंटरनेट खपत कितनी तेजी से बढ़ी है। देशभर में जियो के कुल ग्राहक आधार की बात करें तो कंपनी के करीब 53.33 करोड़ ग्राहक हैं। इनमें लगभग 28.5 करोड़ 5जी ग्राहक शामिल हैं।
Read More
फ्लाइट उड़ाने से पहले नशे में तो नहीं? पायलटों के लिए 100% डोप टेस्ट पर विचार, जानें क्या है सरकार का नया प्लान