बिहार(Bihar) के मोतिहारी से नवजात शिशु की कथित खरीद-बिक्री का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। नगर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बच्चे के माता-पिता समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने नवजात को सुरक्षित बरामद कर लिया है। मामले में कथित लेन-देन के 1.50 लाख रुपये भी बरामद किए गए हैं।
पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक, बच्चे को 4.50 लाख रुपये में देने की कथित डील हुई थी। आरोप है कि बिचौलियों ने माता-पिता को पूरी रकम देने के बजाय सिर्फ 1.50 लाख रुपये दिए। बाकी पैसे को लेकर विवाद शुरू हुआ और इसी दौरान मामला पुलिस तक पहुंच गया।
माता-पिता और बिचौलिया समेत पांच गिरफ्तार
मोतिहारी सदर-1 के एसडीपीओ दिलीप कुमार के अनुसार, मामला नगर थाना क्षेत्र से जुड़ा है। पुलिस ने हरसिद्धि थाना क्षेत्र के प्रमोद साहनी और उनकी पत्नी हिंदू देवी को गिरफ्तार किया है। दोनों को नवजात का माता-पिता बताया गया है।
इसके अलावा तान्या खातून उर्फ कुरेशा खातून को कथित बिचौलिया, आशा कार्यकर्ता शोभा सिंह और चिंता देवी को बच्चे को खरीदने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।
8 अगस्त को हुआ था बच्चे का जन्म
पुलिस के अनुसार, नवजात का जन्म 8 अगस्त को हुआ था। आरोप है कि जन्म के कुछ समय बाद ही उसे पैसे के बदले दूसरे परिवार को सौंपने की कोशिश की गई। पुलिस ने सूचना मिलने के बाद कार्रवाई करते हुए बच्चे को बरामद कर लिया। फिलहाल उसे परिजनों की देखरेख में रखा गया है।
बड़े नेटवर्क की भी हो रही जांच
आशा कार्यकर्ता की गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब मामले की कड़ियों को और गहराई से खंगाल रही है। जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि सभी आरोपियों की क्या भूमिका थी और क्या इस मामले के पीछे कोई बड़ा नेटवर्क काम कर रहा था। पुलिस गिरफ्तार लोगों से पूछताछ कर रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।