उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले कांग्रेस संगठन में संभावित बदलाव को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। सूत्रों के मुताबिक, पार्टी यूपी कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष को बदलने पर विचार कर रही है और आने वाले दिनों में इसका ऐलान हो सकता है। संभावित नए चेहरे के तौर पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद प्रमोद तिवारी की बेटी आराधना मिश्रा मोना का नाम सामने आ रहा है।
तीन बार की विधायक हैं आराधना मिश्रा
आराधना मिश्रा मोना फिलहाल रामपुर खास विधानसभा सीट से कांग्रेस की विधायक हैं। वह इस सीट से लगातार तीन चुनाव जीत चुकी हैं। उन्होंने 2014 में हुए उपचुनाव से विधानसभा की चुनावी राजनीति में जीत के साथ शुरुआत की थी। इसके बाद 2017 और 2022 के विधानसभा चुनाव में भी उन्होंने रामपुर खास सीट बरकरार रखी। सूत्रों के मुताबिक, पार्टी संगठन में बदलाव करती है तो महिला और ब्राह्मण चेहरे को आगे बढ़ाने की रणनीति पर विचार किया जा सकता है। इसी संदर्भ में आराधना मिश्रा मोना के नाम की चर्चा हो रही है। हालांकि, प्रदेश अध्यक्ष को लेकर कांग्रेस की ओर से अभी आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।
2023 से अजय राय संभाल रहे जिम्मेदारी
अजय राय अगस्त 2023 से उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष हैं। उन्होंने बृजलाल खाबरी के बाद यह जिम्मेदारी संभाली थी। अजय राय वाराणसी से 2014 और 2019 के लोकसभा चुनाव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ कांग्रेस उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ चुके हैं। प्रदेश अध्यक्ष के तौर पर अजय राय लगातार राज्य सरकार और बीजेपी पर निशाना साधते रहे हैं। अब सूत्रों के हवाले से उनके स्थान पर नए चेहरे को जिम्मेदारी दिए जाने की चर्चा है। अंतिम फैसला कांग्रेस नेतृत्व को करना है।
Read More
UAE में इजरायल के राजदूत का बड़ा बयान, कैप्टन स्मित मछार पर हमला करने वाला ओमानी नागरिक

