Sourav Ganguly Appointed Delhi Capitals Head Coach: भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और BCCI के पूर्व अध्यक्ष सौरव गांगुली को दिल्ली कैपिटल्स ने IPL 2027 सीजन के लिए अपना नया हेड कोच नियुक्त किया है। फ्रेंचाइजी ने 6 अक्टूबर, मंगलवार को इसकी आधिकारिक घोषणा की। गांगुली अब टीम की कोचिंग, रणनीति और प्रदर्शन को दिशा देने की जिम्मेदारी संभालेंगे।
हेमांग बदानी की जगह संभालेंगे पद
सौरव गांगुली दिल्ली कैपिटल्स में हेमांग बदानी की जगह लेंगे। बदानी ने IPL 2025 और 2026 सीजन में टीम के हेड कोच की भूमिका निभाई थी। गांगुली के अनुभव को देखते हुए फ्रेंचाइजी को उम्मीद है कि उनके नेतृत्व में टीम के प्रदर्शन में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। दिल्ली कैपिटल्स का सह-स्वामित्व JSW और GMR के पास है।
दिल्ली कैपिटल्स से पुराना है रिश्ता
गांगुली के लिए हेड कोच की भूमिका नई जरूर है, लेकिन दिल्ली कैपिटल्स से उनका जुड़ाव काफी पुराना है। वह 2019 में फ्रेंचाइजी के एडवाइजर के तौर पर जुड़े थे। इसके बाद उन्होंने टीम के क्रिकेटिंग सेटअप में कई अहम जिम्मेदारियां निभाईं। वह पुरुष और महिला दोनों टीमों के डायरेक्टर ऑफ क्रिकेट भी रह चुके हैं।
खिलाड़ी से प्रशासक तक का सफर
सौरव गांगुली ने भारतीय क्रिकेट में खिलाड़ी और कप्तान के तौर पर अपनी अलग पहचान बनाई। संन्यास के बाद उन्होंने क्रिकेट प्रशासन में भी अहम भूमिका निभाई और BCCI के अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी संभाली। अब वह IPL में पहली बार हेड कोच के तौर पर अपनी रणनीतिक क्षमता दिखाते नजर आएंगे।
‘दादा’ को लेकर पार्थ जिंदल उत्साहित
दिल्ली कैपिटल्स के चेयरमैन और को-ओनर पार्थ जिंदल ने गांगुली की नियुक्ति पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि ‘दादा’ हमेशा से दिल्ली कैपिटल्स परिवार का अभिन्न हिस्सा रहे हैं। जिंदल के मुताबिक, भारतीय क्रिकेट के महान कप्तानों और प्रशासकों में शामिल गांगुली अब हेड कोच की भूमिका संभाल रहे हैं और उनकी विजनरी लीडरशिप में टीम IPL खिताब के लिए बेहतर तरीके से तैयार होगी।
हेड कोच बनने पर क्या बोले गांगुली?
नई जिम्मेदारी मिलने पर सौरव गांगुली ने कहा कि वह IPL में हेड कोच की भूमिका संभालने को लेकर उत्साहित हैं। उन्होंने दिल्ली कैपिटल्स को अपने दिल के बेहद करीब बताया। गांगुली के मुताबिक, उन्होंने फ्रेंचाइजी के मालिकों, मैनेजमेंट, सपोर्ट स्टाफ और खिलाड़ियों के साथ लंबे समय तक काम किया है। उन्होंने टीम में मौजूद प्रतिभाशाली खिलाड़ियों और हाल के समय में खेले गए अच्छे क्रिकेट का भी जिक्र किया। गांगुली ने कहा कि वह नए सीजन में टीम के साथ काम करने और एक मजबूत और निडर टीम तैयार करने को लेकर उत्साहित हैं।
2020 में पहली बार फाइनल में पहुंची थी टीम
दिल्ली कैपिटल्स की स्थापना 2008 में दिल्ली डेयरडेविल्स के नाम से हुई थी। 2019 में फ्रेंचाइजी ने अपना नाम बदलकर दिल्ली कैपिटल्स कर लिया। टीम ने 2020 में पहली बार IPL फाइनल में जगह बनाई थी, लेकिन खिताब जीतने में सफल नहीं रही। अब गांगुली के नेतृत्व में टीम की नजर पहली IPL ट्रॉफी पर होगी।
अक्षर पटेल के हाथों में कप्तानी
IPL 2027 के लिए दिल्ली कैपिटल्स की कप्तानी अक्षर पटेल के हाथों में है। वहीं, ऋषभ पंत की भी टीम में वापसी हो गई है। ऐसे में गांगुली के अनुभव और टीम के मौजूदा खिलाड़ियों के संयोजन पर फैन्स की खास नजर रहेगी।
फैन्स को खिताब की उम्मीद
सौरव गांगुली की हेड कोच के तौर पर वापसी ने दिल्ली कैपिटल्स के समर्थकों की उम्मीदें बढ़ा दी हैं। अब देखना होगा कि ‘दादा’ की रणनीति के साथ टीम IPL 2027 में कैसा प्रदर्शन करती है और क्या दिल्ली कैपिटल्स पहली बार खिताब अपने नाम करने में कामयाब हो पाती है।
Read More:

