गाजियाबाद के मोदीनगर थाना क्षेत्र में संपत्ति विवाद ने एक परिवार को उजाड़ दिया। पुलिस के अनुसार, 32 वर्षीय निखिल ने अपने पिता हरिओम चौधरी (52) की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना बुधवार देर रात की है। आरोप है कि शराब के नशे में घर पहुंचे निखिल ने पिता से विवाद के बाद पिस्टल से चेहरे, सीने और पेट पर छह गोलियां दाग दीं। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
नशे में घर लौटा था आरोपी
पुलिस के मुताबिक, हरिओम चौधरी ने रात में पत्नी मीनाक्षी और छोटे बेटे नीशू के साथ भोजन किया था। उस समय बड़ा बेटा निखिल घर पर नहीं था। देर रात जब वह शराब पीकर लौटा तो पिता ने उसे डांट दिया। इसके बाद दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। आरोप है कि निखिल ने अवैध पिस्टल निकालकर पहले गाली-गलौज की और फिर विवाद बढ़ने पर पिता पर ताबड़तोड़ छह गोलियां चला दीं। शोर सुनकर पत्नी मीनाक्षी और छोटा बेटा नीशू भी मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक हरिओम गंभीर रूप से घायल हो चुके थे। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
150 करोड़ की संपत्ति को लेकर चल रहा था विवाद
SP भास्कर वर्मा के अनुसार, हरिओम चौधरी बुदाना गांव के संपन्न किसान थे। उनके नाम पर लगभग 75 बीघा जमीन और दिल्ली-मेरठ रोड पर जीवन अस्पताल के सामने एक मार्केट है। पुलिस के मुताबिक उनकी कुल संपत्ति करीब 150 करोड़ रुपये की बताई जा रही है। पुलिस का कहना है कि हरिओम पहले ही निखिल के नाम 25 बीघा जमीन और मार्केट में कुछ दुकानें कर चुके थे। इसके बावजूद आरोपी बाकी संपत्ति भी अपने नाम करवाने का दबाव बना रहा था। हरिओम का कहना था कि बेटा जमीन बेचकर शराब में पैसा खर्च कर देगा, इसलिए वह शेष संपत्ति उसके नाम नहीं करना चाहते थे।
पहले भी भाई पर कर चुका था फायरिंग
पुलिस के अनुसार, करीब आठ वर्ष पहले निखिल ने अपने छोटे भाई नीशू पर भी गोली चलाई थी, हालांकि उस घटना में उसकी जान बच गई थी। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है। पत्नी मीनाक्षी ने पति का शव देखकर आरोपी बेटे से कहा, “तूने पूरा घर उजाड़ दिया।” पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए चार विशेष टीमें गठित की गई हैं। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।
Read More
MQ-9 ड्रोन से अमेरिकी बमबारी को लेकर ईरान ने किया बड़ा दावा, बच्चों का कैंसर वार्ड कराया गया खाली

