राजधानी दिल्ली के मंगोलपुरी इलाके में शुक्रवार शाम उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक समूह ने कथित तौर पर राह चलते लोगों पर चाकुओं से हमला कर दिया। तीन अलग-अलग गलियों में हुई चाकूबाजी में कम से कम छह लोग घायल हुए हैं। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
L ब्लॉक की तीन गलियों में हमला
पुलिस के अनुसार, मंगोलपुरी के L ब्लॉक में शुक्रवार शाम कुछ लोगों के एक समूह ने राहगीरों को निशाना बनाया। अचानक हुए हमलों से इलाके में दहशत फैल गई। घायल छह लोगों को तत्काल संजय गांधी मेमोरियल अस्पताल ले जाया गया। इनमें से दो की हालत को देखते हुए उन्हें बाद में सफदरजंग अस्पताल रेफर किया गया।
CCTV फुटेज से आरोपियों की तलाश
घटना के बाद पुलिस ने इलाके में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। जांच अधिकारियों का कहना है कि कुछ संदिग्ध नाबालिग भी हो सकते हैं। पुलिस घायलों से पूछताछ करने के अलावा स्थानीय लोगों से भी जानकारी जुटा रही है। आरोपियों की पहचान के लिए तकनीकी निगरानी का भी सहारा लिया जा रहा है। प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि चाकूबाजी की वजह पुरानी रंजिश हो सकती है। हालांकि, स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि हमलावरों ने राहगीरों से लूटपाट भी की। फिलहाल पुलिस इन आरोपों की भी जांच कर रही है। घटना के बाद इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
मंगोलपुरी इलाके में चाकूबाजी की यह घटना ऐसे समय हुई है, जब एक दिन पहले ही रेलवे ट्रैक के पास 17 वर्षीय किशोर की हत्या कर दी गई थी। पुलिस के मुताबिक, गुरुवार शाम नांगलोई और मंगोलपुरी रेलवे स्टेशनों के बीच राज पार्क औद्योगिक क्षेत्र के पास किशोर अपने दोस्त के साथ मोबाइल फोन से रील बना रहा था। इसी दौरान करीब 17 से 20 साल की उम्र के तीन युवक वहां पहुंचे और किसी बात को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हो गया।
चाकू घोंपकर भागे आरोपी
पुलिस के अनुसार, विवाद बढ़ने पर एक आरोपी ने किशोर को पकड़ लिया, जबकि दूसरे ने उसके साथी को चाकू दे दिया। इसके बाद आरोपी ने किशोर के पेट में चाकू घोंप दिया। हमले के बाद तीनों आरोपी नांगलोई रेलवे स्टेशन की ओर भाग गए। गंभीर रूप से घायल किशोर को संजय गांधी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस मामले में भी पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है और CCTV फुटेज के साथ तकनीकी एवं स्थानीय खुफिया जानकारी के जरिए आरोपियों की पहचान करने की कोशिश कर रही है।
Read More

