स्वतंत्रता दिवस समारोह से पहले दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था को अंतिम रूप दिया जा रहा है। लाल किले के बेहद करीब स्थित पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन को लेकर दिल्ली पुलिस ने भी निगरानी और तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में 11 अगस्त को दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने स्टेशन और आसपास के संवेदनशील इलाकों का कई घंटे तक निरीक्षण किया। अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था की कमियों का जायजा लेने के साथ ड्यूटी पर तैनात जवानों को किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए।
संवेदनशील इलाकों का किया निरीक्षण
सुरक्षा तैयारियों की समीक्षा के लिए विशेष पुलिस आयुक्त विजय कुमार, संयुक्त पुलिस आयुक्त (ट्रांसपोर्ट रेंज) मिलिंद डुमबरे और पुलिस उपायुक्त बी. भारत रेड्डी पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन थाना क्षेत्र पहुंचे। अधिकारियों ने स्टेशन परिसर के अलावा आसपास के महत्वपूर्ण और संवेदनशील स्थानों का भी निरीक्षण किया। इस दौरान पुलिसकर्मियों की तैनाती, उनकी मुस्तैदी और किसी संभावित चुनौती से निपटने की तैयारियों को परखा गया।
CCTV व्यवस्था की भी जांच
सुरक्षा समीक्षा के दौरान छाता रेल, पार्सल क्षेत्र, आसपास की इमारतों की छतों और प्रमुख ड्यूटी प्वाइंट्स का निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने CCTV सर्विलांस, एक्सेस कंट्रोल और स्टेशन की एंट्री-एग्जिट व्यवस्था की भी समीक्षा की। पुलिस ने यह आकलन किया कि किसी संदिग्ध गतिविधि या कानून-व्यवस्था की स्थिति में तैनात बल कितनी तेजी से प्रतिक्रिया दे सकता है।
लावारिस वस्तु दिखे तो तुरंत कार्रवाई के निर्देश
स्वतंत्रता दिवस तक थाना स्टाफ को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। भीड़भाड़ वाले और संवेदनशील स्थानों पर लगातार निगरानी के साथ जरूरत के मुताबिक चेकिंग अभियान चलाने को कहा गया है। पुलिसकर्मियों को निर्देश दिया गया है कि कोई संदिग्ध व्यक्ति, गतिविधि या लावारिस वस्तु दिखाई देने पर बिना देरी वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी जाए और जरूरी कार्रवाई की जाए।
Read More
अगले साल 15 अगस्त से दौड़ेगी भारत की पहली बुलेट ट्रेन, रेलमंत्री ने दिया प्रोजेक्ट का हर अपडेट

