तमिलनाडु के मदुरई में Tanishq ज्वेलरी शोरूम से करीब 31 करोड़ रुपये के गहने चोरी होने के मामले में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान यूट्यूबर निशांत के पिता सुरेश और उसकी गर्लफ्रेंड मीनाक्षी के रूप में हुई है। हालांकि, इस मामले का मुख्य आरोपी निशांत अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। पुलिस अब तक करीब 5 किलो ज्वेलरी बरामद कर चुकी है और फरार आरोपी की तलाश में जुटी है।
11 Kg सोना और 15 करोड़ के हीरे लेकर फरार हुआ चोर
यह वारदात मदुरई के बायपास रोड स्थित Tanishq शोरूम में हुई थी। गुरुवार सुबह जब कर्मचारी शोरूम पहुंचे तो डिस्प्ले में रखे गहने गायब मिले। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस के मुताबिक, शोरूम से करीब 11.465 किलो सोने के गहने चोरी हुए थे, जिनकी कीमत लगभग 16 करोड़ रुपये बताई गई। इसके अलावा करीब 15 करोड़ रुपये के हीरे के गहने भी गायब थे। इस तरह चोरी हुई ज्वेलरी की कुल कीमत करीब 31 करोड़ रुपये आंकी गई।
लिफ्ट लगाने के रास्ते से शोरूम में घुसने का शक
जांच के दौरान सामने आए CCTV फुटेज में एक संदिग्ध व्यक्ति काले कपड़े पहने और चेहरे पर मास्क लगाए दिखाई दिया। पुलिस को आशंका है कि आरोपी ने लिफ्ट लगाने के लिए बनाए गए रास्ते और वहां लगी रस्सी की मदद से शोरूम में प्रवेश किया था। वारदात के समय इमारत में निर्माण और मरम्मत का काम चल रहा था। लिफ्ट लगाने के साथ पेंटिंग, बिजली और प्लंबिंग का काम भी किया जा रहा था। पुलिस ने इन सभी पहलुओं को जांच में शामिल किया। मामले की जांच के लिए नौ विशेष टीमें बनाई गई थीं। पुलिस ने CCTV फुटेज खंगालने के साथ आसपास से गुजरने वाले वाहनों की जानकारी जुटाई। शोरूम में हाल के दिनों में आए लोगों और पूर्व कर्मचारियों से भी पूछताछ की गई। फॉरेंसिक टीम ने दीवारों, लोहे के ढांचे, लिफ्ट की केबल, ज्वेलरी बॉक्स, सीढ़ियों, दरवाजों और हैंडल से सबूत जुटाए।
ग्राहकों के गहने भी चोरी
इस वारदात से शोरूम के ग्राहकों को भी नुकसान उठाना पड़ा। पांडी नाम के एक ग्राहक ने बताया था कि उन्होंने अपने दोस्त की शादी के लिए गहने खरीदे थे। भुगतान करने के बाद उन्हें अगले दिन ज्वेलरी लेने के लिए कहा गया था, लेकिन जब वह पहुंचे तो शोरूम में चोरी हो चुकी थी। कर्मचारियों ने उन्हें बताया कि उनके खरीदे हुए गहने भी चोरी हो गए हैं। इसके बाद शोरूम प्रबंधन ने दूसरे ब्रांच से वैसे ही गहने उपलब्ध कराने का भरोसा दिया। इस मामले को लेकर AIADMK नेता एडप्पाडी के पलानीस्वामी ने मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय पर निशाना साधा था। उन्होंने राज्य की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए लूट और चोरी की घटनाओं पर सख्त कार्रवाई की मांग की थी।
Read More
मुजफ्फरनगर में गोकशी गिरोह पर पुलिस का शिकंजा, दो महिलाओं समेत 13 आरोपी गिरफ्तार

