पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री के चर्चित गायक और गीतकार श्री बराड़(Shree Brar) को लेकर एक बड़ी खबर सामने आई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, उनसे कथित तौर पर 5 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई है और रकम नहीं देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई है। इस मामले में एक ऑडियो सामने आने की बात कही जा रही ह जिसमें धमकी देने वाले व्यक्ति ने पैसों की मांग की है। हालांकि, इस ऑडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं की गई है।
बताया जा रहा है कि धमकी देने वाले व्यक्ति ने खुद को जीशान अख्तर बताया है, जिसका नाम पहले बाबा सिद्दीकी हत्याकांड से जुड़े मामले में सामने आया था। पुलिस और जांच एजेंसियां पूरे मामले की जांच कर रही हैं। फिलहाल श्री बराड़ की ओर से इस घटना को लेकर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
कौन हैं श्री बराड़?
श्री बराड़ का वास्तविक नाम पवनदीप सिंह बराड़ है। उन्होंने पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री में अपनी पहचान एक गायक और गीतकार के रूप में बनाई है। साल 2016 में उन्होंने संगीत की दुनिया में कदम रखा था। अपने शुरुआती दौर से ही उन्होंने खुद लिखे और गाए हुए गानों के जरिए दर्शकों के बीच लोकप्रियता हासिल की।
सोशल मीडिया पर है मजबूत पकड़
श्री बराड़ के कई गाने डिजिटल प्लेटफॉर्म पर काफी पसंद किए गए हैं। उनकी सोशल मीडिया पर भी बड़ी फैन फॉलोइंग है। उनका यूट्यूब चैनल लाखों दर्शकों से जुड़ा हुआ है जहां वह अपने नए गाने रिलीज करते हैं। उनके कई म्यूजिक वीडियो को बड़ी संख्या में व्यूज मिले हैं।
हाल के वर्षों में श्री बराड़ ने पंजाबी संगीत जगत में अपनी अलग पहचान बनाई है। धमकी मामले के बाद उनकी सुरक्षा और जांच को लेकर चर्चा तेज हो गई है। पुलिस इस पूरे प्रकरण में सामने आए तथ्यों की जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई जांच के आधार पर की जाएगी।