Punjab Cabinet Meeting: पंजाब सरकार की अहम कैबिनेट बैठक सोमवार को मुख्यमंत्री भगवंत मान के आधिकारिक आवास पर दोपहर 12 बजे होगी। हालांकि सरकार की ओर से अभी तक बैठक का आधिकारिक एजेंडा जारी नहीं किया गया है, लेकिन हाल ही में संपन्न हुए निकाय चुनावों के बाद कई बड़े फैसलों की संभावना जताई जा रही है।
विकास परियोजनाओं पर हो सकता है फैसला
सूत्रों के अनुसार, नगर निकायों में प्रधान और मेयर के चुनाव की प्रक्रिया जल्द शुरू होने वाली है। ऐसे में शहरी क्षेत्रों में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और विकास कार्यों को गति देने के लिए फंड जारी करने पर चर्चा हो सकती है। सरकार शहरी विकास से जुड़े कई प्रस्तावों को मंजूरी दे सकती है।
भर्ती प्रक्रिया को मिल सकती है हरी झंडी
बैठक में कई सरकारी विभागों में लंबे समय से खाली पड़े पदों को भरने के लिए नियमित भर्ती प्रक्रिया की रूपरेखा पर भी विचार किया जा सकता है। इसके अलावा कई प्रशासनिक और विकास संबंधी प्रस्तावों पर कैबिनेट की मुहर लगने की संभावना है। खास बात यह है कि तीन दिनों के भीतर यह दूसरी कैबिनेट बैठक होगी, जिससे इसके महत्व का अंदाजा लगाया जा रहा है।
पिछली बैठक में हुआ था बड़ा फैसला
इससे पहले 30 मई 2026 को चंडीगढ़ में मुख्यमंत्री भगवंत मान की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में 65 हजार से अधिक कच्चे, आउटसोर्स और ठेका कर्मचारियों को नियमित करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई थी। सरकार ने बताया था कि इस संबंध में अध्यादेश राज्यपाल की मंजूरी के लिए भेजा जाएगा। मंजूरी मिलने के बाद इसे लागू किया जाएगा और आगामी मानसून सत्र में इस विषय पर विधेयक भी पेश किया जा सकता है।
विधानसभा चुनावों की तैयारी पर भी फोकस
पंजाब सरकार का ध्यान अब आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों पर भी केंद्रित है। इसी रणनीति के तहत जनता से जुड़े मुद्दों और कल्याणकारी योजनाओं को प्राथमिकता दी जा रही है। हाल ही में मुख्यमंत्री सेहत बीमा योजना, मेरी रसोई योजना और महिलाओं को हर महीने 1,000 रुपये देने की योजना के लिए पंजीकरण प्रक्रिया शुरू की गई है।
रोजगार और जनकल्याण सरकार की प्राथमिकता
सरकार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने पर भी विशेष जोर दे रही है। सरकारी दावे के मुताबिक अब तक 65 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी जा चुकी हैं। इसके साथ ही राज्य में नशा विरोधी अभियान और अन्य जनहितकारी योजनाओं को भी तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है।
Read More:

