JEE Advanced Result Declared: देश की सबसे प्रतिष्ठित इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षाओं में शामिल जेईई एडवांस्ड 2026 का परिणाम घोषित कर दिया गया है। इस वर्ष आईआईटी दिल्ली जोन के छात्र शुभम कुमार ने ऑल इंडिया रैंक (AIR) 1 हासिल करते हुए परीक्षा में पहला स्थान पाया है। शुभम ने कुल 360 में से 330 अंक हासिल किए और देशभर के लाखों अभ्यर्थियों को पीछे छोड़ते हुए टॉपर बनने का गौरव हासिल किया।
शुभम कुमार ने रचा इतिहास
जेईई एडवांस्ड 2026 में शुभम कुमार का प्रदर्शन सबसे शानदार रहा। उन्होंने 330 अंक पाकर मेरिट सूची में पहला स्थान हासिल किया। उनके शानदार प्रदर्शन ने आईआईटी दिल्ली जोन को राष्ट्रीय स्तर पर विशेष पहचान दिलाई है। परीक्षा परिणाम घोषित होने के बाद देशभर के लोग शुभम के लिए खुश हैं ।
दिल्ली जोन ने टॉप-3 में जमाया कब्जा
इस वर्ष के नतीजों की सबसे बड़ी खासियत यह रही कि ऑल इंडिया रैंकिंग के टॉप थ्री पर आईआईटी दिल्ली जोन के छात्रों ने कब्जा जमाया। दूसरे स्थान पर कबीर छिल्लर रहे, जिन्होंने 329 अंक हासिल किए। वह केवल एक अंक से देश के टॉपर बनने से चूक गए। वहीं जतिन चाहर ने 319 अंक प्राप्त कर तीसरी रैंक हासिल की। इस तरह दिल्ली जोन ने टॉप-3 में क्लीन स्वीप करते हुए सबको पीछे छोड़ दिया।
लड़कियों में आरोही देशपांडे रहीं अव्वल
महिला उम्मीदवारों में आरोही देशपांडे ने सबसे बेहतर प्रदर्शन किया। उन्होंने 360 में से 280 अंक प्राप्त किए और कॉमन रैंक लिस्ट (सीआरएल) में 77वीं रैंक हासिल की। आरोही भी आईआईटी दिल्ली जोन से संबंध रखती हैं।
1.79 लाख से अधिक छात्रों ने दी परीक्षा
जेईई एडवांस्ड 2026 के लिए कुल 1,87,389 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया था। इनमें से 1,79,694 उम्मीदवार 17 मई 2026 को आयोजित पेपर-1 और पेपर-2 दोनों में शामिल हुए।
56 हजार से अधिक उम्मीदवार हुए सफल
इस वर्ष कुल 56,880 अभ्यर्थियों ने परीक्षा क्वालिफाई की है। सफल उम्मीदवारों में 10,107 महिला अभ्यर्थी शामिल हैं। यह आंकड़ा तकनीकी और इंजीनियरिंग शिक्षा के क्षेत्र में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी को दर्शाता है।
अब JoSAA काउंसलिंग पर टिकी निगाहें
परिणाम जारी होने के बाद अब सफल अभ्यर्थियों की नजरें जॉइंट सीट एलोकेशन अथॉरिटी (JoSAA) 2026 की काउंसलिंग प्रक्रिया पर हैं। इसी प्रक्रिया के माध्यम से आईआईटी, एनआईटी और अन्य प्रमुख तकनीकी संस्थानों में सीटों का आवंटन किया जाएगा। क्वालिफाई करने वाले सभी उम्मीदवारों को काउंसलिंग में भाग लेने का अवसर मिलेगा।
12वीं के अंकों को लेकर अहम जानकारी
प्राधिकरण ने साफ किया है कि JoSAA 2026 काउंसलिंग और सीट आवंटन प्रक्रिया में शामिल होने के लिए इस बार कक्षा 12वीं के अंकों या प्रतिशत को लेकर कोई अतिरिक्त बाध्यता नहीं होगी। हालांकि, अंतिम प्रवेश के लिए अभ्यर्थियों को जेईई एडवांस्ड 2026 सूचना पुस्तिका में निर्धारित अन्य पात्रता शर्तों को पूरा करना जरुरी होगा।
दिल्ली जोन के नाम रहा जेईई एडवांस्ड 2026
जेईई एडवांस्ड 2026 के परिणामों में आईआईटी दिल्ली जोन का दबदबा साफ दिखाई दिया। टॉप-3 रैंक से लेकर लड़कियों की श्रेणी में शीर्ष प्रदर्शन तक, दिल्ली जोन के छात्रों ने इस वर्ष काबिले तारीफ सफलता हासिल की है। अब सफल उम्मीदवारों की अगली परीक्षा JoSAA काउंसलिंग में बेहतर संस्थान और पसंदीदा शाखा हासिल करने की होगी।
Read More:
CM आवास पर पंजाब कैबिनेट की बड़ी बैठक आज, हो सकते हैं कई अहम फैसले, भर्ती और विकास योजनाओं पर नजर

