Punjab Borewell Rescue: पंजाब के होशियारपुर जिले में एक चार साल का बच्चा खुले बोरवेल में गिर गया, जिसके बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना होशियारपुर-दसूहा सड़क पर मौजूद चक समाना गांव की है। सूचना मिलते ही प्रशासन, पुलिस, NDRF और SDRF की टीमें मौके पर पहुंचीं और तुरंत बचाव अभियान शुरू किया गया। करीब 9 घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
घर के पास खुले बोरवेल में गिरा बच्चा
जानकारी के मुताबिक बच्चा अपने घर के पास खेल रहा था, तभी वह खुले पड़े बोरवेल में फिसलकर गिर गया। बताया गया कि बोरवेल को एक दिन पहले ही खोदा गया था। घटना शाम करीब 4 बजे हुई, जिसके बाद परिवार और गांव में हड़कंप मच गया। बच्चे के पिता की पहचान हरिंदर और मां की पहचान आशा के रूप में हुई है।
30 फीट गहराई में फंसा था मासूम
प्रशासन के अनुसार बच्चा करीब 30 फीट की गहराई में फंसा हुआ था। बचाव अभियान को तेज करने के लिए मौके पर भारी मशीनरी मंगवाई गई। रेस्क्यू टीमों ने बोरवेल के समानांतर 25 से 30 फीट गहरा गड्ढा खोदा और फिर एक संकरी सुरंग बनाकर बच्चे तक पहुंच बनाई। कई घंटों की मशक्कत के बाद टीमों ने बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
रात 12:40 बजे बाहर निकाला गया बच्चा
करीब नौ घंटे तक चले ऑपरेशन के बाद बच्चे को रात लगभग 12:40 बजे बोरवेल से बाहर निकाला गया। बाहर निकालते ही मेडिकल टीम ने उसकी प्राथमिक जांच की और तुरंत एम्बुलेंस से अस्पताल भेज दिया गया। अधिकारियों के मुताबिक बच्चे की हालत स्थिर बताई जा रही है।
कैमरा और ऑक्सीजन पाइप से रखी गई निगरानी
रेस्क्यू अभियान के दौरान जिला प्रशासन ने बोरवेल के अंदर कैमरा और ऑक्सीजन पाइप भी उतारे थे। कैमरे की फुटेज में बच्चे की हलचल लगातार दिखाई दे रही थी, जिससे टीमों को अंदर की स्थिति पर नजर रखने में मदद मिली। ऑक्सीजन की सप्लाई जारी रहने से बच्चे को सांस लेने में कोई परेशानी नहीं हुई।
अधिकारियों ने संभाली पूरी कमान
इस अभियान का नेतृत्व डिप्टी कमिश्नर आशिका जैन और SSP संदीप कुमार मलिक ने किया। दोनों अधिकारियों ने मौके पर मौजूद रहकर रेस्क्यू अभियान की लगातार निगरानी की। डिप्टी कमिश्नर ने बताया कि सूचना मिलते ही प्रशासनिक टीमें तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गई थीं।
NDRF और ग्रामीणों की मेहनत से मिली सफलता
रेस्क्यू अभियान में 40 से अधिक अधिकारियों वाली NDRF टीम ने हिस्सा लिया। प्रशासन के साथ स्थानीय ग्रामीणों ने भी लगातार सहयोग किया। पंजाब के जेल मंत्री डॉ. रवजोत सिंह और होशियारपुर के सांसद सांसद डॉ. राज कुमार चब्बेवाल भी पूरे ऑपरेशन के दौरान मौके पर मौजूद रहे। दोनों नेताओं ने टीमों की मेहनत और साहस की सराहना की।
Read More:

