प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी(PM Modi) ने शनिवार को नई दिल्ली के हैदराबाद हाउस में इथियोपिया के प्रधानमंत्री अबी अहमद अली के साथ द्विपक्षीय बैठक की। इथियोपिया हाल ही में ब्रिक्स समूह में शामिल हुए देशों में से एक है। अबी अहमद 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए भारत पहुंचे हैं। दोनों नेताओं ने गर्मजोशी से एक-दूसरे का स्वागत किया और गले मिलकर मुलाकात की।
बैठक में भारत और इथियोपिया के बीच मौजूदा रिश्तों को और मजबूत करने के तरीकों पर बातचीत हुई। दोनों देशों के बीच व्यापार और निवेश को बढ़ाने के साथ-साथ विकास साझेदारी और क्षमता निर्माण पर भी सहयोग की संभावनाएं हैं। इसके अलावा कृषि, सूचना एवं प्रौद्योगिकी, युवाओं के कौशल विकास और दोनों देशों के लोगों के बीच संपर्क बढ़ाने जैसे क्षेत्रों पर भी आगे काम किया जा सकता है। दोनों पक्षों के बीच इन क्षेत्रों में सहयोग को नई दिशा देने पर जोर रहा।
ब्रिक्स सम्मेलन के लिए भारत पहुंचे अबी अहमद
इथियोपिया के प्रधानमंत्री शुक्रवार को नई दिल्ली पहुंचे थे। एयरपोर्ट पर रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने उनका स्वागत किया। राजधानी में 12 और 13 सितंबर को 18वां ब्रिक्स शिखर सम्मेलन आयोजित हो रहा है। भारत अपनी ब्रिक्स अध्यक्षता के दौरान वैश्विक दक्षिण के देशों के साथ सहयोग मजबूत करने को प्राथमिकता दे रहा है। ऐसे में अबी अहमद की भारत यात्रा दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंधों के साथ-साथ बहुपक्षीय सहयोग के लिहाज से भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
भारत-इथियोपिया संबंधों को मिलेगी नई गति
भारत और इथियोपिया के रिश्ते लंबे समय से मजबूत रहे हैं। विकास परियोजनाओं और क्षमता निर्माण के क्षेत्र में दोनों देशों के बीच सहयोग खास महत्व रखता है। इथियोपिया ने भारत की विकास पहलों और वैश्विक दक्षिण से जुड़े मुद्दों पर भारत के प्रयासों का समर्थन भी किया है।
दोनों नेताओं की इससे पहले 2023 में दक्षिण अफ्रीका के जोहान्सबर्ग में ब्रिक्स सम्मेलन से इतर मुलाकात हुई थी। उस दौरान व्यापार, निवेश, रक्षा, आईसीटी, कृषि, कौशल विकास, विकास साझेदारी और जन-जन के संपर्क समेत कई मुद्दों पर सहयोग बढ़ाने को लेकर चर्चा हुई थी।