HomeBreaking Newsसमुद्री लुटेरों ने सोमालिया के पास कार्गो जहाज किया कब्जा, 6 भारतीय...

समुद्री लुटेरों ने सोमालिया के पास कार्गो जहाज किया कब्जा, 6 भारतीय समेत 10 क्रू सदस्य थे सवार

सोमालिया के पुंटलैंड तट के पास समुद्री लुटेरों ने कैमरून के झंडे वाले कार्गो जहाज M/V LUTUF पर कब्जा कर लिया है। जहाज पर कुल 10 सदस्यीय क्रू सवार था, जिसमें छह भारतीय नागरिक शामिल हैं। सोमवार को कब्जे में लिए गए इस जहाज को लुटेरे पुंटलैंड के तट की ओर ले गए।सोमाली अधिकारियों के मुताबिक, जहाज को पुंटलैंड के ईयल जिले में मर्राया के पास तट से करीब 10 किलोमीटर दूर कब्जे में लिया गया। जहाज का मालिक पोलर मूवमेंट शिपिंग बताया जा रहा है।

क्रू में 6 भारतीय समेत 10 लोग सवार

हाईजैक किए गए जहाज पर छह भारतीय नागरिकों के अलावा एक तुर्की और एक जॉर्जियाई नागरिक मौजूद था। इसके अलावा दो सर्बियाई सुरक्षा गार्ड भी क्रू का हिस्सा थे। घटना के बाद भारतीय विदेश मंत्रालय और तुर्की के अधिकारियों की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई। स्थानीय अधिकारियों के अनुसार, जहाज पर करीब आठ समुद्री लुटेरों ने कब्जा किया। आशंका जताई जा रही है कि ये वही लुटेरे हो सकते हैं, जिन्होंने 26 अप्रैल को M/V स्वार्ड नामक जहाज को हाईजैक किया था।

जहाज में थे हथियार और सैटेलाइट उपकरण

रिपोर्ट के मुताबिक, M/V LUTUF में तुर्की के हथियारों के साथ कम्युनिकेशन और सैटेलाइट उपकरण भी लदे थे। हाईजैकर्स जहाज को पुंटलैंड के डांगोरोयो जिले में गरमाल के पास ले गए। इसके बाद तुर्की के स्वामित्व वाले दो जहाज इलाके में पहुंचे। निगरानी के लिए तुर्की के हेलीकॉप्टर और ड्रोन भी तैनात किए गए। मंगलवार को एक छोटी नाव से दो लोग हाईजैक किए गए जहाज के पास पहुंचे। बताया जा रहा है कि वे समुद्री लुटेरों के लिए खत लेकर आए थे। यह सोमालिया में आम तौर पर चबाया जाने वाला उत्तेजक पदार्थ है। नाव के वहां से लौटने के बाद इलाके में हवाई हमला होने की खबर है। इसमें चार लोगों के मारे जाने और दो के घायल होने की बात सामने आई है। हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं है कि हवाई हमला किसने किया और मारे गए लोग समुद्री लुटेरे ही थे या कोई अन्य व्यक्ति।

सोमालिया के तट पर बढ़ा समुद्री डकैती का खतरा

सोमालिया के तट पर समुद्री डकैती वर्ष 2011 में चरम पर पहुंच गई थी। इसके बाद अंतरराष्ट्रीय नौसैनिक गश्त बढ़ने और जहाजों की सुरक्षा के बेहतर इंतजामों के कारण ऐसी घटनाओं में काफी कमी आई थी। हालांकि अप्रैल से इस क्षेत्र में फिर कई समुद्री लूट और हाईजैकिंग की घटनाएं सामने आई हैं। कुछ जहाजों को बंधक बनाए जाने की खबरों ने समुद्री सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। M/V LUTUF पर छह भारतीय नागरिकों के सवार होने के कारण ताजा घटना भारत के लिए भी विशेष चिंता का विषय बन गई है।

Read More

मुजफ्फरनगर में जज की अदालत से करीब 100 केस दूसरी कोर्ट में ट्रांसफर, 22 लोगों को सुनाई थी मौत की सजा

Ram Janam Chauhan
Ram Janam Chauhanhttp://mhone.in
राम जनम चौहान वर्तमान में MH One News के साथ जुड़े हुए हैं। वे मुख्य रूप से पॉलिटिक्स और नेशनल न्यूज़ को कवर करते हैं। उन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत दैनिक जागरण संस्थान के साथ की। इसके अलावा Zee Media और India News में इंटर्नशिप की है। राम जनम चौहान ने डॉ. भीमराव अंबेडकर कॉलेज (गोकलपुरी, दिल्ली) से पत्रकारिता एवं जनसंचार (BJMC) की डिग्री प्राप्त की है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments